मीडिया प्रभारी फिरोजपुरः राजीव कुमार
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)



जिला प्रशासन ने सतिएवाला और मल्लवाल में अवैध कॉलोनियों पर चलाया बुलडोजर।
फिरोजपुरः 28 जुलाई (राजीव कुमार): फिरोजपुर की अतिरिक्त उपायुक्त (जनरल) डॉ. अमनदीप कौर ने अवैध कॉलोनियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। उनके द्वारा जारी आदेशों के तहत ड्यूटी मजिस्ट्रेट, पुलिस बल और जिला नगर योजनाकार कार्यालय की टीम ने आज गांव सतिएवाला और मल्लवाल में विकसित की गई अवैध कॉलोनियों पर कार्रवाई करते हुए उन्हें ध्वस्त कर दिया।
कार्रवाई के दौरान कॉलोनियों की सड़कें, गलियां, सीवर, मैनहोल तथा अन्य अवैध निर्माणों को भी तोड़ दिया गया।
अतिरिक्त उपायुक्त (जनरल) डॉ. अमनदीप कौर ने लोगों से अपील की कि वे इन अवैध कॉलोनियों में प्लॉट, मकान, भवन या दुकानें खरीदने से बचें, क्योंकि सरकार की ओर से इन कॉलोनियों को किसी भी प्रकार की मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई जाती हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में विकसित होने वाली किसी भी अवैध कॉलोनी के खिलाफ इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही, ऐसी अवैध कॉलोनियों के मालिकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए मुकदमे भी दर्ज किए जाएंगे।







