संवाददाता कन्नौज (उ. प्र.):दीप सिंह
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
महिला स्वयं सहायता समूहों को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर
कन्नौज: विकासखंड जलालाबाद के ग्राम अनौगी स्थित द्वारिका धाम मैरिज लॉन में शुक्रवार को जलालाबाद महिला संकुल समिति की वार्षिक आमसभा आयोजित की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि उपायुक्त (स्वतः रोजगार)/जिला विकास अधिकारी राज कुमार लोधी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस दौरान राज कुमार लोधी ने कहा कि वार्षिक आमसभा स्वयं सहायता समूहों की उपलब्धियों की समीक्षा और आगामी कार्ययोजना तैयार करने का महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर ग्रामीण महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के साथ ही परिवार और समाज के विकास में भी योगदान दे रही हैं। सरकार की विभिन्न योजनाओं और स्वरोजगार कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं को आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
उन्होंने महिलाओं से उद्यमिता को अपनाकर आत्मनिर्भर बनने और अन्य महिलाओं को भी प्रेरित करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में जलालाबाद महिला संकुल समिति के विभिन्न कैडरों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सदस्यों को प्रशस्ति पत्र और प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
इस मौके पर बैंक ऑफ इंडिया द्वारा संचालित स्टार स्वरोजगार प्रशिक्षण केंद्र के डायरेक्टर, जिला मिशन प्रबंधक शिव बिहारी, जलालाबाद के ब्लॉक मिशन प्रबंधक, स्वयं सहायता समूहों की सदस्याएं और बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं मौजूद रहीं।







