संवाददाता कन्नौज (उ. प्र.):दीप सिंह
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
जिला कारागार का निरीक्षण कर बंदियों की सुनीं समस्याएं
बिना निजी वकील वाले बंदियों को निशुल्क कानूनी सहायता दिलाने के निर्देश।
कन्नौज: राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नरेंद्र कुमार झा के निर्देशन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव पौमेला श्रीवास्तवा ने जिला कारागार कन्नौज का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही बुनियादी सुविधाओं, बैरकों, स्वास्थ्य सेवाओं और कानूनी सहायता की स्थिति का जायजा लिया।
सचिव ने पुरुष, महिला और बाल बैरकों का निरीक्षण करने के साथ ही कारागार अस्पताल और पाकशाला की व्यवस्थाएं भी देखीं। उन्होंने बंदियों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता और स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने बंदियों और विचाराधीन कैदियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। ऐसे बंदियों की जानकारी भी ली गई, जिनके मामलों की पैरवी के लिए निजी अधिवक्ता उपलब्ध नहीं हैं। सचिव ने बंदियों को उनके संवैधानिक एवं कानूनी अधिकारों की जानकारी देते हुए जेल प्रशासन और जेल लीगल एड क्लिनिक को निर्देश दिए कि जरूरतमंद बंदियों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से तत्काल निशुल्क अधिवक्ता उपलब्ध कराया जाए।
उन्होंने ऐसे बंदियों की सूची तैयार करने के निर्देश भी दिए, जो मामूली अपराधों में लंबे समय से जेल में निरुद्ध हैं अथवा जमानत स्वीकृत होने के बावजूद जमानती न दे पाने के कारण रिहा नहीं हो सके हैं। ऐसे मामलों का नियमानुसार शीघ्र निस्तारण कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।
निरीक्षण के दौरान जेल अधीक्षक, जेलर एवं पैरा लीगल वालंटियर्स (PLVs) मौजूद रहे।







