संवाददाता कन्नौज (उ. प्र.): दीप सिंह
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
शराब ठेके से बिना पैसे दिए शराब लेने के आरोप में दरोगा निलंबित।
कन्नौज: तालग्राम थाना क्षेत्र में शराब ठेके से बिना पैसे दिए शराब लेने और सेल्समैन को धमकी देने के आरोपों के सामने आने पर पुलिस विभाग ने उपनिरीक्षक अवनीश कुमार के खिलाफ कार्रवाई की है। क्षेत्राधिकारी नगर की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस अधीक्षक ने उपनिरीक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर पुलिस लाइन कन्नौज से संबद्ध कर दिया।
पुलिस के अनुसार, उपनिरीक्षक अवनीश कुमार पर शराब ठेके से बिना भुगतान किए शराब लेने और सेल्समैन को धमकाने से संबंधित तथ्य सामने आए थे। मामले में प्रारंभिक जांच के साथ विभागीय जांच भी प्रचलित है। जांच के बाद सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
***************-*********
जनसुनवाई में फरियादियों की समस्याएं सुनीं, अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश।
कन्नौज: पुलिस कार्यालय में सोमवार को आयोजित जनसुनवाई में पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों की समस्याएं और शिकायतें सुनीं। उन्होंने शिकायतकर्ताओं की बात गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने संबंधित प्रभारी निरीक्षक और थानाध्यक्षों को शिकायतों की प्राथमिकता के आधार पर जांच कर निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायत पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाए और शिकायतकर्ता को निस्तारण की जानकारी भी समय से उपलब्ध कराई जाए।
जनसुनवाई के दौरान अधिकारियों को शिकायतों के समाधान में लापरवाही न बरतने तथा मामलों की प्रभावी निगरानी करने के निर्देश भी दिए गए।
**********-**********
मिशन शक्ति के तहत महिलाओं और छात्राओं को साइबर अपराध से बचाव की दी जानकारी।

कन्नौज: महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान के तहत सोमवार को थाना कोतवाली कन्नौज क्षेत्र में चौपाल का आयोजन किया गया। अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार और क्षेत्राधिकारी नगर शिल्पा वर्मा ने महिला थाना पुलिस बल के साथ महिलाओं एवं छात्राओं को जागरूक किया।
चौपाल में महिला सुरक्षा, नारी सम्मान, साइबर अपराधों से बचाव और सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल को लेकर जरूरी जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने साइबर ठगी, फर्जी कॉल, ओटीपी व पासवर्ड साझा करने, संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने तथा सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से संपर्क करने से होने वाले जोखिमों के प्रति सावधान किया।
क्षेत्राधिकारी नगर ने कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या या अपराध की स्थिति में महिलाएं बिना संकोच पुलिस को सूचना दें। उन्होंने महिला हेल्पलाइन 1090, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 181, आपातकालीन सेवा 112 और साइबर हेल्पलाइन 1930 के उपयोग की जानकारी भी दी।
इस दौरान महिलाओं एवं छात्राओं को शासन की महिला कल्याणकारी योजनाओं और सुरक्षा संबंधी प्रावधानों की जानकारी देकर उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा एवं सम्मान के लिए जागरूकता अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही।







