राजेंद्र रंजन गायकवाड
(सेवा निवृत्त केंद्रीय जेल अधीक्षक)
बिलासपुर, छत्तीसगढ़
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
सवेरा
(कहानी)
जीवन में कोई ऐसी मंजिल नहीं जहाँ पहुँचकर सारे संघर्ष समाप्त हो जाएँ। हर उपलब्धि अपने साथ एक नई परीक्षा लेकर आती है। पहाड़ी गाँव का एक युवक था आरव, छोटा से गाँव में रहता था, जहाँ लोग खेती और पशुपालन से गुजारा करते थे।
आरव बचपन से ही सपने देखता था ऊँची चोटी पर पहुँचना है। गाँव के सबसे ऊँचे पर्वत की चोटी पर एक प्राचीन मंदिर था। लोग कहते थे, “जो वहाँ पहुँच जाए, उसकी सारी मुश्किलें खत्म हो जाती हैं। जीवन आसान हो जाता है।
आरव ने ठान लिया, सालों तक उसने तैयारी की। सुबह-शाम दौड़ता, बोझ ढोता, ठंड और भूख सहता। कई बार रास्ते में चट्टानें फिसल गईं, कई बार तूफान ने रास्ता रोक दिया। दोस्त हंसते “पागल हो गया है! माँ रोती “बेटा, यहीं रह, क्या जरूरत है उस चोटी पर जाने की?
लेकिन आरव नहीं रुका और अंततः एक दिन वह पहाड़ की ऊंची चोटी पर पहुँच गया। सूरज डूब रहा था। मंदिर की घंटी बज रही थी। आरव ने घुटनों के बल बैठकर आकाश की ओर देखा। आँखों में आँसू थे खुशी के। “मैं पहुँच गया… अब सब खत्म!” उसने फुसफुसाया।
रात बीती। सुबह जब आरव उठा, तो देखा मंदिर के पीछे एक और ऊँचा पर्वत था, जो पहले छिपा हुआ था। वहाँ से एक बूढ़ा साधु निकला। साधु ने मुस्कुराते हुए कहा, “बधाई हो बेटा। तुमने एक बड़ी मंज़िल पार कर ली। आरव ने गर्व से कहा, “हाँ गुरुजी, अब मेरे सारे संघर्ष खत्म हो जाएंगे।
साधु हँसे, “नहीं बेटा। तुमने जो चोटी जीती है, वह सिर्फ एक पड़ाव थी, अब तुम्हारे सामने नई चुनौती है इस ऊँचाई से नीचे उतरकर गाँव वालों को रास्ता दिखाना है। तुम्हारी उपलब्धि अब तुम्हें शिक्षक बना देगी। लोग तुमसे सीखेंगे, तुमसे उम्मीद करेंगे, कभी तुम्हारी गलती को माफ नहीं करेंगे। कभी तुम्हारी सफलता से जलेंगे। यह जीवन की नई परीक्षा है।
आरव चुप हो गया, उसने सोचा था कि चोटी पर पहुँचते ही सब शांत हो जाएगा। लेकिन अब समझ में आया हर जीत अपने साथ नई जिम्मेदारी, नई उम्मीदें और नए संघर्ष लेकर आती है। वह मंदिर में बैठा रहा। फिर धीरे-धीरे नीचे उतरा। गाँव पहुँचा तो लोग इंतजार कर रहे थे। कुछ तालियाँ बजा रहे थे, कुछ शक से देख रहे थे। आरव ने मुस्कुराते हुए कहा, “मैं चोटी पर पहुँचकर वापस आ चुका हूँ… लेकिन असली यात्रा अब शुरू हुई है।
उस दिन से आरव ने गाँव के बच्चों को पढ़ाना शुरू किया, किसानों को नए तरीके सिखाए, और खुद हर दिन एक नई चुनौती का सामना किया। कभी असफलता मिली, कभी थकान लेकिन हर बार याद करता । कोई अंतिम मंज़िल नहीं होती। हर उपलब्धि एक नई शुरुआत है और हर शुरुआत के साथ एक नई परीक्षा होती है।
आरव अकेले में मुस्कुराता रहता क्योंकि अब वह जान गया था संघर्ष समाप्त नहीं होते, वे सिर्फ रूप बदलते हैं जो इस सच्चाई को स्वीकार कर लेता है, वही सच में आगे बढ़ता है।
यह लघु कहानी हमें याद दिलाती है कि जीवन एक अनंत यात्रा है। कोई भी सफलता अंतिम नहीं होती, हर नई ऊँचाई पर पहुँचकर हमें नई परीक्षाओं के लिए तैयार रहना चाहिए। सारे संघर्ष और चुनौतियां हमें मजबूत बनाती हैं। हमें रात के अंधेरे से हारना नहीं है, सुनहरा सवेरा हमारा इंतजार कर रहा है।






