मीडिया प्रभारी अल्मोडा़ः दिनेश चन्द्र भट्ट
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड) (w) 6395080071
इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि एवं सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर कांग्रेसियों ने किया फल वितरण।
अल्मोड़ा: भारत की प्रथम महिला प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि एवं लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर शनिवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा कर्बला स्थित लेप्रोसी अस्पताल में फल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस दौरान कांग्रेसजनों ने दोनों महान विभूतियों को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके राष्ट्र के प्रति योगदान को याद किया। पूर्व पालिकाध्यक्ष प्रकाश जोशी ने इंदिरा गांधी के जीवन, उनके राजनीतिक संघर्ष, नेतृत्व क्षमता एवं देश के विकास में उनके योगदान पर प्रकाश डाला। वहीं महानगर कांग्रेस अध्यक्ष ताराचंद जोशी ने सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन परिचय, स्वतंत्रता आंदोलन में उनकी भूमिका तथा देश की रियासतों का एकीकरण कर राष्ट्रीय एकता और अखंडता को मजबूत करने में उनके ऐतिहासिक योगदान के बारे में विस्तार से बताया।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि इंदिरा गांधी का साहसिक नेतृत्व और सरदार वल्लभभाई पटेल की राष्ट्र के प्रति एकजुटता की भावना सदैव देशवासियों को प्रेरणा देती रहेगी। दोनों महान नेताओं के विचार और आदर्श आज भी प्रासंगिक हैं।
कार्यक्रम में पार्षद दीपक कुमार, पूर्व ग्राम प्रधान संजय दुर्गापाल, पार्षद वैभव पांडे, पार्षद अनूप भारती सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।






