संवाददाता कन्नौज (उ. प्र.): दीप सिंह
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड) (w) 6395080071
पैमाइश के चार दिन बाद खेत पर फिर कब्जे का आरोप, पीड़ित ने पुलिस से लगाई गुहार।
राजस्व टीम और पुलिस की मौजूदगी में मिली थी भूमि पर कब्जे की बात, दोबारा जुताई और धमकी देने का लगाया आरोप।
तिर्वा (कन्नौज): जमीन की पैमाइश के बाद खेत पर दोबारा कब्जे को लेकर विवाद सामने आया है। तिर्वा थाना क्षेत्र के रैगाना गांव निवासी योगेंद्र सिंह ने दो लोगों पर खेत की जुताई कर कब्जा करने और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने थाना प्रभारी को प्रार्थना पत्र देकर मामले में जांच और कार्रवाई की मांग की है।
योगेंद्र सिंह के मुताबिक, उनकी गाटा संख्या 328, रकबा 0.0295 हेक्टेयर भूमि की पैमाइश 27 अक्टूबर 2026 को राजस्व टीम और पुलिस बल की मौजूदगी में कराई गई थी। उनका कहना है कि पैमाइश के बाद उन्हें भूमि पर कब्जा दिलाया गया था और उन्होंने खेत की जुताई भी कर ली थी।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि 31 अक्टूबर को दोपहर करीब 12:45 बजे विनोद कुमार पुत्र शोवरन यादव और अमित पुत्र विनोद कुमार ने चाकू दिखाकर खेत की दोबारा जुताई कर दी और कब्जा कर लिया। आरोप है कि विरोध करने पर दोनों ने दोबारा कब्जा करने पर जान से मारने की धमकी दी।
योगेंद्र सिंह ने अपनी और परिवार की सुरक्षा को लेकर आशंका जताते हुए पुलिस से आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। मामले में आरोपों की पुष्टि और पुलिस की कार्रवाई के संबंध में जानकारी उपलब्ध नहीं है।






