ब्यूरो कुमाऊंः दयानन्द कठैत अल्मोड़ा।
नगर निगम अल्मोड़ा में नवनिर्वाचित मेयर सहित 40पार्षदों ने ली पद और गोपनीयता की शपथ।
अल्मोड़ाः रेमजे इंटर कालेज अल्मोड़ा के एतिहासिक प्रांगण में आज दिनांक 07-02-25को नगर निगम अल्मोड़ा का शपथ ग्रहण समारोह संपन्न हो गया है। जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडे ने नवनिर्वाचित मेयर अजय वर्मा व 40नवनिर्वाचित पार्षदों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर नगर के प्रथम मेयर बने अजय वर्मा ने वहां उपस्थित लोगों को विश्वास दिलाया कि सभी पार्षदों एवं जिला स्तरीय अधिकारियों के सहयोग से अल्मोड़ा नगर निगम को पारदर्शी एवं जनता की उम्मीदों को पूरा करने का भरसक प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार व राज्य सरकार की मदद से नगर की व्यवस्थाएं एवं विकास कार्य समय पर किए जाएंगे।
इस अवसर पर जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडे ने कहा कि अल्मोड़ा शहर सांस्कृतिक एवं पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थान रखता है। उन्होंने कहा कि आगामी होली महोत्सव को भव्य स्वरूप देने का प्रयास किया जाएगा तथा आने वाले दशहरा महोत्सव को भी भव्य स्वरूप दिया जाएगा। जिसका प्रचार प्रसार किया जाएगा। जिससे यहां पर्यटन को बढ़ावा मिल सके। उन्होंने ने जनता से आग्रह किया कि नगर में पुरानी दुकानें व पुराने मकान पुरानी कलात्मक शैली में बनाए गए हैं उन्हें हमें संजोकर रखना होगा।
इस शपथ ग्रहण समारोह में शामिल लोगों में पूर्व विधायक रघुनाथ सिंह चौहान, पूर्व विधायक कैलाश शर्मा, जागेश्वर विधानसभा के विधायक मोहन सिंह माहरा, भाजपा के जिलाध्यक्ष रमेश बहुगुणा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र पींचा, निवर्तमान पालिका अध्यक्ष प्रकाश चन्द्र जोशी, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, सहायक नगर आयुक्त भरत त्रिपाठी सहित तमाम लोग मौजूद थे।
इस अवसर पर नटराज ग्रुप के बच्चों ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इस कार्यक्रम का संचालन विद्या कर्नाटक व नवजोत जोशी ने संयुक्त रूप किया।









