सुश्री सरोज कंसारी लेखिका एवं कवयित्री नवापारा राजिम, रायपुर (छ. ग)
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड (w) 6395080071
पापा, घर चलो न!
(लघुकथा)

शिया अपने पापा का हाथ पकड़कर कह रही थी, “पापा, घर चलो न! सब देख रहे हैं।”
उसके पापा ने झटके से शिया का हाथ छुड़ाते हुए कहा, “जा यहाँ से! मुझे मेरे हाल पर छोड़ दे।”
शिया ने फिर पूछा, “क्या हुआ पापा? आप इतना क्यों पीते हैं? पीकर सबको परेशान करते हैं। आखिर आप कब सुधरेंगे?”
नशे में चूर, लड़खड़ाते हुए पापा उठे और बोले, “तुम क्या समझोगी मेरा दर्द, मैं क्यों पीता हूँ? मेरे गम का कारण तुम चारों बेटियाँ हो। मेरे बुढ़ापे का कोई सहारा नहीं। मेरी चिता को कौन अग्नि देगा? मेरी घर-संपत्ति को कौन संभालेगा? यही सोच-सोचकर मुझे बहुत चिंता होती है। तुम लोग तो ससुराल चली जाओगी, मुझे अकेला छोड़कर।”
इतना सुनकर बेटी पापा से लिपटकर रो पड़ी।
बेटी ने कहा, “पापा, अगर आपकी चिंता का कारण हम बेटियाँ हैं, तो मैं आपको छोड़कर कभी ससुराल नहीं जाऊँगी। मैं बड़ी होकर नौकरी करूँगी, आपका सहारा बनूँगी। बेटियों को बोझ मत समझिए पापा। अब आप कभी शराब मत पीना।”
इतना सुनकर पापा भी बेटी को गले से लगा लिए और रोने लगे। कहने लगे, “मैंने अपना स्वार्थ देखा और यह भूल गया कि बेटियाँ भी मेरी ही जिम्मेदारी हैं। मुझे माफ कर दो।”






