राजेन्द्र रंजन गायकवाड (सेवा निवृत जेल अधीक्षक) बिलासपुर, छत्तीसगढ़
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड) (w)6395080071
कर्मफल (भाग 28)
7 अगस्त 1994 की उमस भरी दोपहरी में जब राजन अपने एक रिश्तेदार देव के साथ खंडवा पहुंचा तो जेलर ने सरकारी रेस्ट में रहने का आदेश जिलाधीश से ले लिया था। शाम को, देव के साथ सादी वर्दी में रेस्ट हाउस से जिला जेल देखने जेल परिसर के बाहर की स्थिति देखकर सोचने लगा कि जेल अंदर से कैसा होगा? फिल्मों में जेल और जेलर के बहुत किस्से सुने थे। दूसरे दिन सुबह जेलर, सरकारी रेस्ट हाउस में नवागत अधीक्षक के का स्वागत कर जिला जेल सरकारी वाहन में सादर बैठाकर ले गए। जैसे ही रजन ने अधीक्षक के रूप में खंडवा जिला जेल के लाल बड़े गेट के भीतर कदम रखा, तो उनके भीतर कुछ सार्थक और सुधारवादी कार्य करने का जज्बा जागा। प्रदेश की प्रशासनिक व्यवस्था का हिस्सा होने के नाते वे नियमों और मानवीय मूल्यों को सर्वोपरि मानते थे। लेकिन खंडवा जेल की चारदीवारी के भीतर की हकीकत बाहर से बिल्कुल अलग थी।
वहाँ राजन ने एक माह में अनुभव किया कि पहले से तैनात जेलर ने जेल को अपनी निजी जागीर बना रखा था। उसका आतंक और भ्रष्टाचार जेल के हर कोने में फैला हुआ था। कैदियों को मिलने वाले राशन से लेकर उनके परिजनों से मुलाकात कराने तक, हर बात के लिए अवैध वसूली की जाती थी, जो कैदी विरोध करता, उसे कालकोठरी की यातनाएं दी जाती थीं। जेलर का शोषण केवल कैदियों तक सीमित नहीं था। उसने निचले स्तर के जेल स्टाफ और प्रहरियों को भी अपना बंधुआ बना रखा था। उनसे निजी काम करवाना, उनकी छुट्टियां रोकना और विरोध करने पर झूठी विभागीय जांच में फंसाने की धमकी देना जेलर की रोजमर्रा की कार्यशैली थी। यह सब जानकारी राजन के पूर्व पदस्थ जेल अधीक्षक ने बता दी थी।
नवागत जेल अधीक्षक राजन के लिए यह सब मूकदर्शक बनकर देखना असंभव था। उन्होंने पहले जेलर को समझाने और व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए, लेकिन बड़े अधिकारियों का चमचा होने और सत्ता के नशे में चूर जेलर ने राजन के आदेशों को अनसुना कर दिया। अंततः राजन ने ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए जेलर के विरुद्ध ठोस सबूत जुटाए और एक विस्तृत गोपनीय रिपोर्ट तैयार कर जेल मुख्यालय, भोपाल भेज दी। उन्हें विश्वास था कि वरिष्ठ अधिकारी इस गंभीर मामले का संज्ञान लेंगे और भ्रष्ट जेलर पर कड़ी कार्रवाई होगी। लेकिन, व्यवस्था की जड़ें इतनी गहरी और खोखली हो चुकी थीं कि राजन का यह दांव उल्टा पड़ गया। राजन सोचने लगा कभी कभी कर्मफल देर से मिलता है, जेलर को भी जरूर मिलेगा।
महाघाघ जेलर की पहुंच जेल मुख्यालय के उच्च अधिकारियों तक थी, जो इस भ्रष्टाचार की बहती गंगा में हाथ धो रहे थे। वरिष्ठ अधिकारियों ने जेलर के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय राजन को ही रास्ते से हटाने का षड्यंत्र रच दिया। ईमानदारी की सजा के तौर पर राजन को प्रताड़ित करने के उद्देश्य से बार-बार अलग-अलग जगहों पर प्रशिक्षण भेजा जाने लगा। कभी उन्हें इंदौर केंद्रीय जेल भेजा गया, तो कभी सागर केंद्रीय जेल भेजा गया। इतना ही नहीं, उन्हें मुख्यधारा की जिम्मेदारियों से दूर रखने के लिए प्रशिक्षण के नाम पर उत्तर प्रदेश के लखनऊ स्थित संपूर्णानंद जेल प्रशिक्षण संस्थान नौ माह के लिए भेज दिया गया। यह सब केवल राजन का मनोबल तोड़ने के लिए किया जा रहा था।
इस प्रशासनिक प्रतिशोध की सबसे भारी कीमत राजन के परिवार को चुकानी पड़ी, जो खंडवा में ही रह गया था। बार-बार हो रहे तबादलों और अनिश्चितता के कारण राजन अपने परिवार को साथ नहीं रख सके। खंडवा में राजन की पत्नी और बच्चों के लिए अगले तीन साल एक नए और बेहद कठिन संघर्ष का दौर लेकर आए।
एक तरफ परिवार के मुखिया की गैरमौजूदगी थी, तो दूसरी तरफ स्थानीय स्तर पर जेलर और उसके गुर्गों द्वारा बनाया जाने वाला मानसिक दबाव। बच्चों की पढ़ाई, घर की सुरक्षा और सामाजिक अकेलेपन से जूझते हुए राजन की पत्नी ने बड़ी हिम्मत से घर संभाला। आर्थिक तंगी और दूर-दराज के शहरों में परेशान पति की चिंता के बीच, उन तीन सालों में परिवार ने हर दिन एक नई परीक्षा दी। राजन जहां दूर रहकर सिस्टम की बेरुखी से लड़ रहे थे, वहीं उनका परिवार खंडवा में रहकर स्वाभिमान और धैर्य के साथ अपने अस्तित्व की लड़ाई लड़ रहा था ।
नौ माह के प्रशिक्षण में राजन आल इंडिया जेल ऑफिसर में सर्वोत्तम प्रशिक्षु घोषित हुआ। उत्तर प्रदेश के गृह मंत्री ने तलवार भेंट कर राजन का सम्मान किया। प्रशिक्षण पूर्ण होते ही राजन खंडवा आया तो जेल मुख्यालय के नए जेल महानिदेशक श्री अग्रवाल जी ने भी जेल मुख्यालय आमंत्रित कर सम्मानित किया। इधर जेल के कुछ वरिष्ठ पदोन्नत अधिकारी राजन की सफलता से जल भुन गए,नतीजन दो माह में जेलर के जगह राजन का स्थानांतरण जिला जेल रायगढ़, छत्तीसगढ़ कर दिया।
यह प्रशिक्षण में राजन को स्थानीय अधिकारियों की राजनीति, भाई भतीजावाद, और जातिगत प्रताड़ना का शिकार बनाया गया। इसके बाद जेलर की जगह अधीक्षक का स्थानांतरण केवल एक अधिकारी के तबादले की कहानी नहीं थी, बल्कि उस दौर की व्यवस्था में एक ईमानदार इंसान और उसके परिवार के अदम्य साहस और बलिदान की यादगार कहानी बन गई।
(शेष भाग कल)







