सम्पादक रुद्रप्रयागः लक्ष्मण सिंह नेगी
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड) (w) 6395080071

सादगी के साथ राकेश्वरी मंदिर रांसी पहुंची भगवान मदमहेश्वर की चल विग्रह उत्सव डोली।
बुधवार को अन्तिम रात्रि प्रवास के लिए पहुंचेगी गिरिया गांव।
19 नवम्बर को शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ में होगी विराजमान।
ऊखीमठ: द्वितीय केदार भगवान मदमहेश्वर की चल विग्रह उत्सव डोली मंगलवार को सादगी के साथ रात्रि प्रवास के लिए भगवती राकेश्वरी मंदिर रांसी पहुंच गई है। डोली के रांसी पहुंचने पर मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं ने भगवान मदमहेश्वर के दर्शन कर पुण्य अर्जित किया। इन दिनों मदमहेश्वर घाटी में भगवान की डोली यात्रा को लेकर धार्मिक वातावरण बना हुआ है। डोली के विभिन्न पड़ावों पर पहुंचने से ग्रामीणों को भगवान मदमहेश्वर के दर्शन करने का सौभाग्य प्राप्त हो रहा है।
परंपरा के अनुसार भगवान मदमहेश्वर की चल विग्रह उत्सव डोली शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ पहुंचने से पूर्व विभिन्न पड़ावों पर रात्रि प्रवास करती है। इसी क्रम में मंगलवार को डोली भगवती राकेश्वरी मंदिर रांसी पहुंची, जहां रात्रि विश्राम के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि एवं क्षेत्र की खुशहाली की कामना की।
बुधवार को भगवान मदमहेश्वर की चल विग्रह उत्सव डोली रांसी से अगले पड़ाव के लिए प्रस्थान करेगी तथा रात्रि प्रवास के लिए गिरिया गांव पहुंचेगी। गिरिया गांव में डोली का यह अन्तिम रात्रि प्रवास होगा। इसके बाद 19 नवम्बर को भगवान मदमहेश्वर की चल विग्रह उत्सव डोली शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ पहुंचेगी और विधि-विधान के साथ मंदिर में विराजमान होगी।
भगवान मदमहेश्वर की डोली के ऊखीमठ आगमन को लेकर क्षेत्र के श्रद्धालुओं में उत्साह बना हुआ है। डोली के आगमन पर ऊखीमठ में धार्मिक परंपराओं के निर्वहन के साथ शीतकालीन पूजा-अर्चना की तैयारियां भी पूरी की जा रही हैं। डोली के ओंकारेश्वर मंदिर में विराजमान होने के बाद आगामी शीतकाल में भगवान मदमहेश्वर की पूजा-अर्चना शीतकालीन गद्दीस्थल पर संपन्न होगी।
डोली प्रभारी किशन त्रिवेदी कि बताया कि भगवान मदमहेश्वर की चल विग्रह उत्सव डोली की शीतकालीन यात्रा के दौरान पड़ने वाले गांवों में श्रद्धालु पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ भगवान का स्वागत एवं पूजा-अर्चना करते हैं। यह यात्रा क्षेत्र की धार्मिक आस्था, लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत से भी जुड़ी हुई है। सह डोली प्रभारी दीपक पंवार ने बताया कि भगवान मदमहेश्वर की शीतकालीन पूजा आगामी 20 नवम्बर से शीतकालीन गद्दी स्थल ओंकारेश्वर मन्दिर में विधिवत शुरु होगी ।






