राजेन्द्र रंजन गायकवाड (सेवा निवृत जेल अधीक्षक) बिलासपुर, छत्तीसगढ़
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड) (w)6395080071
कर्मफल (भाग 33)
बीमार पिता को डॉ. श्रीवास्तव जी की दवाई, कमज़ोर शरीर के कारण तात्कालिक लाभ नहीं देती तो दूसरे दिन राजन जिला चिकितसलाया में भर्ती कर डॉ. श्रीवास्तव जी ने गणेश की हालत देखकर दवाई तो दे दी थी, पर उनका शरीर इतना कमजोर हो चुका था कि दवा का असर तत्काल दिखाई नहीं दिया। वर्षों की मेहनत-मजदूरी, अभावों भरा जीवन और बीड़ी पीने की आदत ने उनके फेफड़ों और शरीर को भीतर से खोखला कर दिया था। राजन ने पिता को ढाढ़स बँधाते हुए कहा, “बाबूजी, आप चिंता मत कीजिए, दवा अपना काम करेगी।” लेकिन उसके मन में एक अनजाना भय लगातार उठ रहा था।
अगले दिन गणेश की तबीयत और बिगड़ गई। राजन उन्हें लेकर जिला चिकित्सालय पहुँचा। अस्पताल की लंबी गलियों, दवाइयों की गंध और रोगियों की कराहों के बीच राजन अपने पिता को बचाने के लिए हर संभव प्रयास करता रहा। कभी वह डॉक्टरों के पीछे भागता, कभी दवा लाने के लिए बाहर जाता और कभी पिता के माथे पर हाथ रखकर उन्हें सांत्वना देता। उसे लग रहा था कि यदि वह थोड़ी-सी भी लापरवाही करेगा तो पिता उससे हमेशा के लिए दूर हो जाएँगे।
गणेश को अस्पताल में भर्ती कर लिया गया, परंतु उनका शरीर उपचार का साथ नहीं दे रहा था। राजन ने डॉक्टरों से बार-बार विनती की। उसने अपनी सामर्थ्य से अधिक धन जुटाने का प्रयास किया और पिता की सेवा में रात-दिन एक कर दिया फिर भी नियति को कुछ और ही स्वीकार था। कुछ समय बाद अस्पताल के बिस्तर पर ही गणेश ने अंतिम साँस ली।
पिता की मृत्यु का समाचार सुनकर राजन जैसे भीतर से टूट गया। उसे लगा कि उसके सिर से केवल पिता का हाथ नहीं उठा, बल्कि पूरा आकाश ही उठ गया है। जिस व्यक्ति ने कठिन परिस्थितियों में परिवार को सँभाला था, जिसने अपनी इच्छाओं का त्याग करके बच्चों की जरूरतें पूरी की थीं, वही आज निश्चल पड़ा था। राजन पिता के चेहरे को देखता रहा। उस चेहरे पर जीवनभर की मेहनत की रेखाएँ थीं, पर उन रेखाओं में अपने परिवार के लिए किए गए त्याग की उजली कहानी भी छिपी थी।
गणेश का दाह-संस्कार तिली सागर ले जाकर किया गया। चिता की लपटों को देखते हुए राजन के मन में बचपन की अनेक स्मृतियाँ उमड़ने लगीं। उसे याद आया कि किस प्रकार उसके पिता ने अभावों के बावजूद उसे पढ़ने के लिए प्रेरित किया था। स्वयं अनपढ़ या कम पढ़े-लिखे होने पर भी वे शिक्षा का महत्त्व समझते थे। वे कहा करते थे, “हमने तो जिंदगी मजदूरी में काट दी, बेटा, तुम पढ़-लिखकर अपने बच्चों का जीवन बदल कर समाज में नाम कामाना ।
राजन को तब समझ आया कि पिता की असली संपत्ति धन या जमीन नहीं थी। उनकी संपत्ति उनके संस्कार, उनका श्रम और परिवार के लिए किया गया त्याग था। उन्होंने अपने सुखों को रोककर बच्चों की जरूरतें पूरी की थीं। बीमारी में भी उन्होंने परिवार पर बोझ बनने से बचने की कोशिश की। तन और मन के मना करने के बाद भी वे जिद करके राजन से मिलने छतरपुर चले गए थे। शायद उन्हें भीतर से आभास हो गया था कि बेटे को आखिरी बार देख लेना चाहिए।
माँ हीरा का दुःख देखकर राजन का हृदय और भी भर आया। वह रोते हुए कह रही थीं, “तुम्हारे पिता ने सारी जिंदगी मेहनत-मजदूरी की, मेरे हजार मना करने के बाद भी वर्षों तक बीड़ी पीते रहे, तभी से सीने में संक्रमण की शिकायत रहने लगी थी। हम रोज उन्हें बीड़ी पीने और घर का काम करने से रोकते रहे, पर वे अपनी तकलीफ छिपाते और कहते थे कि अब उम्र हो गई है फालतू बैठना ठीक नहीं लगता।
हीरा की आवाज में शिकायत कम और पति के प्रति वेदना अधिक थी। वह जानती थीं कि गणेश ने जीवनभर परिवार के लिए अपने शरीर को खपाया। बीमारी को उन्होंने कभी अपने ऊपर हावी नहीं होने दिया। वे दर्द सहते रहे, पर बच्चों की पढ़ाई और घर की जरूरतों को प्राथमिकता देते रहे, उनकी यही आदत अंततः उनके लिए घातक सिद्ध हुई, फिर भी परिवार के लिए उनका त्याग किसी दीपक की तरह था, जो स्वयं जलकर दूसरों को प्रकाश देता रहा।
गणेश के अंतिम संस्कार के बाद घर में रिश्तेदारों का आना-जाना लगा रहा। माँ हीरा, भाई देवी, बहिन कला, सेवक जी और अन्य संबंधी कुछ दिनों तक राजन के साथ रहे। सभी ने उसे सांत्वना दी, उसके दुःख को बाँटने का प्रयास किया और फिर धीरे-धीरे अपने-अपने घर लौट गए। लोगों के चले जाने के बाद घर पहले से भी अधिक सूना लगने लगा। आँगन में वही दीवारें थीं, वही सामान था, वही चूल्हा था, लेकिन गणेश की आवाज नहीं थी। उनकी खाँसी, उनका बच्चों को पुकारना और शाम को घर लौटने की आहट सब कुछ अचानक समाप्त हो गया था।
राजन कई बार अनायास दरवाजे की ओर देखने लगता। उसे लगता कि पिता अभी बाहर से आएँगे और हमेशा की तरह पूछेंगे, “सबने खाना खा लिया?” लेकिन दरवाजा खाली रहता। यह खालीपन केवल एक व्यक्ति की अनुपस्थिति नहीं था; यह पूरे परिवार के भावनात्मक आधार के टूट जाने का अनुभव था।
फिर भी जीवन किसी के लिए रुकता नहीं। गणेश के जाने के बाद परिवार की जिम्मेदारियाँ और अधिक स्पष्ट होकर राजन के सामने खड़ी हो गईं। उसका भाई देवी सरकारी स्कूल में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी होने के नाते सीमित वेतन में वह अपने दो बेटों और एक बेटी की पढ़ाई तथा घर का खर्च सँभाल रहा था। उसके बच्चे प्राथमिक पाठशाला में पढ़ते थे। राजन के भी दो बेटे गुरु और पुरू तथा बेटी अस्मि माध्यमिक विद्यालय में पढ़ रहे थे। दोनों भाइयों के सामने आर्थिक से ज्यादा अब पारिवारिक कठिनाइयाँ बढ़ रहीं थीं, वे अपने बच्चों को वही जीवन नहीं देना चाहते थे, जो उन्होंने स्वयं अभावों में बिताया था।
गणेश की मृत्यु ने दोनों भाइयों को भीतर तक जोड़ दिया। पहले वे अपने-अपने परिवारों की चिंताओं में उलझे अपने कर्तव्य से जुड़े रहते, लेकिन अब उन्हें महसूस हुआ कि पिता की अंतिम इच्छा उनके बच्चों की उन्नति में ही पूरी हो सकती है। राजन ने देवी से कहा, “भैया, पिता जी चले गए हैं, लेकिन उनका सपना हमारे बच्चों में जीवित रहना चाहिए हमें चाहे जितनी मेहनत करनी पड़े, बच्चों की पढ़ाई नहीं रुकनी चाहिए। मैं हर हालत में अपनी जुम्मेदारी निभाऊँगा, बस ! आप गलत राह मत पकड़ना।
देवी ने गंभीर होकर उत्तर दिया, “आप ठीक कहते हो, पिता जी ने अपना जीवन हमारे लिए लगा दिया अब हमारा धर्म है कि हम उनके त्याग को व्यर्थ न जाने दें। मैं अपनी ड्यूटी ठीक से करूंगा।
यह संवाद दोनों भाइयों के बीच केवल सहमति नहीं था, बल्कि एक नए पारिवारिक संकल्प की शुरुआत थी। उन्होंने तय किया कि वे एक-दूसरे की आर्थिक और मानसिक सहायता करेंगे। किसी बच्चे की फीस, किताब या परीक्षा-शुल्क के लिए यदि एक भाई असमर्थ होगा तो दूसरा उसका साथ देगा। वे यह भी समझते थे कि परिवार की प्रगति केवल धन से नहीं, बल्कि सहयोग और संवेदना से होती है। आजकल सभी परिवार धन सम्पन्न होकर भी आपसी मन – मुटाव से टूट रहें हैं। संयुक्त परिवार और उसकी महत्ता घट रही है।
सज्जो पूरे परिवार का ध्यान रखती थी। वह बच्चों की पढ़ाई, भोजन, घर के काम और बुजुर्गों की आवश्यकताओं अपनी देवरानी केशर के साथ बिना किसी शिकायत के सँभालती थी। उसके लिए परिवार की सेवा कोई बोझ नहीं, बल्कि जिम्मेदारी और प्रेम का रूप थी। वह बच्चों को समझाती, “तुम लोग मन लगाकर पढ़ो। तुम्हारे दादा ने बहुत कष्ट सहकर तुम्हें यह अवसर दिया है। तुम्हारी सफलता ही उनके लिए सच्ची श्रद्धांजलि होगी।”
सज्जो के व्यवहार में दया और त्याग दोनों दिखाई देते थे। वह अपनी इच्छाओं को पीछे रखकर बच्चों की जरूरतों को प्राथमिकता देती। कभी किसी बच्चे के पास पुस्तक नहीं होती तो वह अपनी बचत से पुस्तक खरीद देती। कभी किसी को बीमारी होती तो रातभर जागकर उसकी सेवा करती। वह जानती थी कि परिवार को आगे बढ़ाने के लिए केवल कमाई पर्याप्त नहीं घर में धैर्य, प्रेम और सहयोग भी आवश्यक है।
राजन ने पिता की मृत्यु को अपने जीवन का अंत नहीं बनने दिया। उसने इसे एक ऐसी जिम्मेदारी के रूप में स्वीकार किया, जिसने उसे पहले से अधिक परिपक्व बना दिया था। अब वह केवल अपने बच्चों का पिता नहीं था, बल्कि माँ हीरा, भाई देवी और पूरे परिवार का सहारा भी था। उसने अपने दुःख को भीतर सँभालते हुए बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देना शुरू किया।
गुरु और पुरू को वह नियमित रूप से पढ़ने के लिए प्रेरित करता। अस्मि की पढ़ाई को भी वह उतना ही महत्त्व देता, क्योंकि उसके विचार में बेटी की शिक्षा परिवार की सबसे बड़ी शक्ति होती है। वह कहता, “बेटा हो या बेटी, ज्ञान सबका अधिकार है, पढ़ाई ही वह रास्ता है, जिससे हम गरीबी और निर्भरता से बाहर निकल सकते हैं।
पिता की तेरहवीं करके राजन वापस छतरपुर ड्यूटी पर आकार धीरे-धीरे महसूस करता कि घर का वातावरण बदलने लगा है । शोक की छाया पूरी तरह तो नहीं हटी, लेकिन उसके भीतर आशा का दीप जल उठा। गणेश की स्मृतियाँ अब केवल आँसू नहीं लाती थीं वे परिवार को मेहनत करने की प्रेरणा भी देती थीं। उनके त्याग ने परिवार को यह सिखाया कि कठिनाइयों से भागना नहीं चाहिए, बल्कि उन्हें मिल-जुलकर पार करना चाहिए।
राजन समझ गया था कि पिता की सच्ची विरासत कोई संपत्ति नहीं, बल्कि त्याग, श्रम, दया और शिक्षा का संस्कार है। यदि वह अपने बच्चों को ईमानदारी, परिश्रम और संवेदना का मार्ग दिखा सके, तो गणेश का जीवन सफल माना जाएगा। पिता की चिता की राख से जैसे परिवार के लिए एक नया संकल्प जन्मा दुःख को शक्ति में बदलने का, अभावों को अवसर में बदलने का और आने वाली पीढ़ी को बेहतर जीवन देने का समय आ गया है ।
गणेश की मृत्यु परिवार के लिए गहरा आघात थी, लेकिन उसी आघात ने राजन और देवी को अधिक जिम्मेदार बना दिया। माँ हीरा का दुःख परिवार की करुण स्मृति बन गया, सज्जो की सेवा घर की शक्ति बनी और बच्चों की शिक्षा भविष्य की आशा। परिवार ने समझ लिया कि सच्ची प्रगति केवल आर्थिक उन्नति नहीं होती; वह तब पूर्ण होती है, जब परिवार के सदस्य एक-दूसरे के दुःख में साथ खड़े हों, अपने स्वार्थों का त्याग करें और अगली पीढ़ी के लिए बेहतर रास्ता तैयार कर रहे थे कि जेल – मुख्यालय भोपाल से डी आई जी साब का फोन आया कि तोमर जी, वापस मध्य प्रदेश आने का आवेदन दिए हैं अगर आप आपसी से सहमति से छत्तीसगढ़ जाना चाहते हैं तो अपना अभ्यावेदन एक सप्ताह के भीतर भेज दो।
(शेष भाग कल)






