
सम्पादक रुद्रप्रयागः लक्ष्मण सिंह नेगी
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड) (w) 6395080071
खट्टी-मीठी यादों और पुरस्कार वितरण के साथ मदमहेश्वर मेले का समापन।
तीन दिनों तक जीआईसी खेल मैदान में रही सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को किया गया सम्मानित।
ऊखीमठ: जीआईसी खेल मैदान में आयोजित तीन दिवसीय मदमहेश्वर मेले का खट्टी-मीठी यादों, रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और पुरस्कार वितरण के साथ भव्य समापन हो गया। मेले के समापन अवसर पर राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष ऐश्वर्या रावत ने बतौर मुख्य अतिथि तथा मदमहेश्वर धाम के प्रधान पुजारी शिव शंकर ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कुब्जा धर्म्वाण ने तीन दिवसीय मेले के निर्विघ्न एवं सफल आयोजन पर क्षेत्रीय जनमानस, जनप्रतिनिधियों, मेला समिति और आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि ऐश्वर्या रावत ने कहा कि मदमहेश्वर मेला क्षेत्र की धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक विरासत को संजोने का महत्वपूर्ण मंच है। ऐसे आयोजनों से स्थानीय लोक संस्कृति, परंपराओं और प्रतिभाओं को नई पहचान मिलती है। उन्होंने कहा कि मेले में स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलने के साथ ही नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने सफल आयोजन के लिए नगर पंचायत एवं मेला समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन निरंतर होते रहने चाहिए।
विशिष्ट अतिथि मदमहेश्वर धाम के प्रधान पुजारी शिव शंकर ने कहा कि भगवान मदमहेश्वर की चल विग्रह उत्सव डोली के शीतकालीन गद्दी स्थल ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ आगमन के अवसर पर आयोजित यह मेला धार्मिक आस्था के साथ ही क्षेत्र की लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि मेले के माध्यम से क्षेत्र की धार्मिक पहचान को मजबूती मिलने के साथ ही स्थानीय समाज को आपसी मेल-मिलाप और सांस्कृतिक एकजुटता का अवसर मिलता है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कुब्जा धर्म्वाण ने कहा कि तीन दिवसीय मदमहेश्वर मेले का सफल एवं निर्विघ्न आयोजन सामूहिक सहभागिता का परिणाम है। उन्होंने कहा कि मेले को सफल बनाने में क्षेत्रीय जनता, जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों, महिला मंगल दलों, युवक मंगल दलों, स्थानीय कलाकारों, विद्यालयों तथा विभिन्न विभागों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने सभी सहयोगियों का आभार जताते हुए कहा कि भविष्य में मेले को और अधिक भव्य एवं आकर्षक स्वरूप देने के लिए सामूहिक प्रयास किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि मदमहेश्वर मेला केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान, सामाजिक समरसता और स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने का भी सशक्त माध्यम है। तीन दिनों तक चले मेले में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से स्थानीय लोकगीत, लोकनृत्य और पारंपरिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। मेले में उमड़ी भीड़ ने आयोजन को यादगार बना दिया।
समापन अवसर पर मेले के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस मौके पर कनिष्ठ प्रमुख प्रदीप त्रिवेदी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विजय राणा, सांसद प्रतिनिधि श्रीनन्द जमलोकी, प्रधान आशा देवी, मिथला देवी, पूर्व प्रधान अंजना रावत, दलेब राणा, रीना अग्रवाल, विराट भट्ट, रजनी शर्मा, पदपेन्द्र रावत सहित जनप्रतिनिधि, मेला समिति पदाधिकारी, सदस्य व प्रतिभागी मौजूद थे।







