हरी राम यादव अयोध्या, (उ. प्र.)
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
सैनिक समाज सेवा संगठन, रायबरेली ने धूमधाम से मनाया रेजांगला शौर्य दिवस।
रेजांगला के वीर शहीदों को नमन: सैकड़ों सैनिकों ने पुष्प अर्पित कर दी श्रद्धांजलि
वीर नारियों, सेवानिवृत्त सैनिकों, वीरता पदक विजेताओं के परिजनों, शिक्षकों एवं प्रतिभाशाली बच्चों को किया गया सम्मानित।
रायबरेली: सैनिक समाज सेवा संगठन, रायबरेली द्वारा रेजांगला शौर्य दिवस के अवसर पर देदौर स्थित पटेल पार्क में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सैकड़ों सैनिकों, पूर्व सैनिकों, वीर नारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और रेजांगला युद्ध में अदम्य साहस एवं वीरता का परिचय देते हुए वीरगति प्राप्त करने वाले अमर शहीदों को पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम का शुभारंभ पार्क में स्थापित लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुआ। इसके उपरांत उपस्थित सैनिकों, वीर नारियों, ग्राम सभा के पूर्व एवं वर्तमान प्रधान, समाजसेवियों तथा जनसमूह ने रेजांगला के वीर शहीदों को नमन किया।
इस अवसर पर विभिन्न विद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। बच्चों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में राष्ट्रभक्ति और उत्साह का वातावरण बना दिया।
कार्यक्रम में सैनिक समाज सेवा संगठन के आगरा, फिरोजाबाद, जालौन एवं बिहार से आए पदाधिकारियों ने वीर नारियों, पूर्व सैनिकों और उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया। वक्ताओं ने रेजांगला युद्ध के ऐतिहासिक महत्व, भारतीय सैनिकों के अदम्य साहस, त्याग और बलिदान पर विस्तार से प्रकाश डाला।
लखनऊ से पधारे सैनिक समाज सेवा संगठन के राष्ट्रीय प्रवक्ता सूबेदार मेजर हरिराम यादव ने पूर्व सैनिकों एवं वीर नारियों को महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। उन्होंने सैनिक दस्तावेजों के रखरखाव, अभिलेखों में होने वाली त्रुटियों को ठीक कराने की प्रक्रिया तथा केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
इस अवसर पर वीर नारियों, वीरता पदक विजेताओं के परिजनों, सेवानिवृत्त सैनिकों, शिक्षकों, स्कूली बच्चों तथा समाज में सैनिकों के हितों के लिए सराहनीय कार्य करने वाले लोगों को सैनिक समाज सेवा संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट जय सिंह यादव फौजी के नेतृत्व में संगठन की टीम द्वारा सम्मानित किया गया।
विद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को डायरी, नोटबुक, पेन, प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय कलाकारों ने भी अपनी शानदार प्रस्तुतियों से समारोह की शोभा बढ़ाई।
कार्यक्रम की सफलता में विशेष सहयोग प्रदान करने वाले फौजी अंबेश चौधरी के पिता श्री हरिनाम चौधरी के प्रति संगठन ने विशेष आभार व्यक्त किया।



अंत में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट जय सिंह यादव फौजी ने कार्यक्रम में शामिल होने वाले सभी अतिथियों, पदाधिकारियों, सैनिकों, वीर नारियों, शिक्षकों, बच्चों, कलाकारों एवं सहयोगियों का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि रेजांगला के वीर शहीदों का बलिदान देश की आने वाली पीढ़ियों को सदैव राष्ट्रसेवा, साहस और समर्पण की प्रेरणा देता रहेगा।






