‘औरंगजेब की आखिरी रात’ नाटक ने झकझोरा

Spread the love

 

प्रभारी सम्पादकः दिनेश शास्त्री

   

                 (नया अध्याय, देहरादून)                                                 (w) 6395080071

 

                ‘औरंगजेब की आखिरी रात’                                                 नाटक ने झकझोरा

 

                    दून पुस्तकालय में                                                    मेघदूत की शानदार प्रस्तुति 

 

    सत्ता, महत्वाकांक्षा, मानवीय-दुर्बलता और पश्चाताप               के अंतर्द्वंद्व को- -कलाकारों ने मंच पर किया जीवंत

 

 

              देहरादून: जीवनपर्यन्त तलवार का रक्त न सूखने देने वाला क्रूर बादशाह जब अंतिम सांसें गिनता है तो उसे अतीत में किए गए सभी कर्म झकझोरते जरूर हैं। अपने कर्मों का वह जितना भी प्रायश्चित कर ले लेकिन आत्मा पर बने बोझ को नहीं हटा पाता। क्योंकि जीवनभर नर मुण्डों की मीनार देख कर तृप्त होने वाला तब बेशक उसे इबादत मानता रहा किंतु जब मृत्युशैय्या पर पहुंचता है तो सत्ता के लिए पिता को कैद करना, भाइयों की हत्या और प्रजा को दी गई यातनाओं का अहसास उसे अंदर तक तोड़ देता है और अंतिम समय में अपनों के दीदार के लिए तरस जाता है। इसी कथानक पर केंद्रित मेघदूत नाट्य संस्था के कलाकारों ने दून पुस्तकालय एवं शोध केंद्र के तत्वावधान में ‘औरंगजेब की आखिरी रात’ नाटक का प्रभावशाली मंचन किया। डॉ. रामकुमार वर्मा द्वारा लिखित इस नाटक का निर्देशन एस.पी. ममगाईं ने किया। साथ ही उन्होंने औरंगजेब की भूमिका में शानदार अभिनय भी किया। लगभग 60 मिनट की इस नाट्य प्रस्तुति में मुगल सम्राट औरंगज़ेब के जीवन के अंतिम दिनो में चल रहे मानसिक द्वंद्व, पश्चाताप, महत्वाकांक्षा और गहरे अकेलेपन को संवेदनशीलता के साथ प्रस्तुत किया गया। अंतिम समय में औरंगजेब हताश, लाचार और बेबस होकर दम तोड़ता है तो उसका सारा पराक्रम बौना सा लगता है।

    कभी पूरे हिंदुस्तान पर राज करने वाला शासक अपनी मौत करीब देखता है तो उसे हकीम पर भी भरोसा नहीं होता। अपने बिखरते साम्राज्य, लगातार कमजोर होती सेना और बढ़ते आर्थिक संकट के बीच वह अपने गुनाहों के लिए तौबा तो करता है लेकिन उसका मानसिक अंतर्द्वंद्व कम नहीं होता।

            इतिहास में औरंगजेब को एक ऐसे शासक के रूप में देखा जाता है, जिसने अपने साम्राज्य के विस्तार और सत्ता को मजबूत करने के लिए जीवनभर संघर्ष किया। विशेष रूप से मराठों के साथ उसका लंबा टकराव, शिवाजी के पुत्र संभाजी की निर्मम हत्या और दक्षिण भारत में चलाए गए सैन्य अभियानों ने उसके शासन और साम्राज्य को गहरे स्तर पर प्रभावित किया। नाटक ने इन्हीं ऐतिहासिक परिस्थितियों की पृष्ठभूमि में एक शासक के जीवन के उस पक्ष को सामने रखा, जहां सत्ता और साम्राज्य की चमक के पीछे एक अकेला, असहाय और आत्ममंथन करता हुआ मनुष्य दिखाई देता है।

          नाटक की कथा वर्ष 1706 में अहमदनगर के किले में अपने जीवन के अंतिम पड़ाव पर पहुंचे औरंगजेब के इर्द-गिर्द घूमती है। वृद्धावस्था और बीमारी से जूझता बादशाह अपने बिखरते साम्राज्य, कमजोर होती सेना और गहराते आर्थिक संकट को लेकर चिंतित है। जीवनभर जिन उद्देश्यों और महत्वाकांक्षाओं के लिए उसने संघर्ष किया, उनके परिणामों पर विचार करते हुए वह अपने अतीत के कार्यों और अधूरे रह गए प्रयासों का मूल्यांकन करता है। अपनी पुत्री ज़ीनत-उन-निसा और बेगम की उपस्थिति के बीच उसका आत्मसंघर्ष और अधिक गहरा होता जाता है। नाटक ने इतिहास के एक चर्चित शासक को केवल सत्ता के प्रतीक के रूप में नहीं, बल्कि उसकी मानवीय कमजोरियों, अंतर्द्वंद्व और पश्चाताप के संदर्भ में प्रस्तुत किया।

               नाटक में औरंगजेब की भूमिका एस.पी. ममगाईं ने प्रभावशाली ढंग से निभाई। औरंगजेब की शहजादी जीनत-उन-निसा की भूमिका अनुपमा ममगाईं ने निभाई। शाही चिकित्सक की भूमिका उत्तम बंदूनी, दरबारी लेखक की भूमिका दिनेश बौड़ाई तथा मुगल सैनिक करीमुद्दीन की भूमिका गोविंद थपलियाल ने निभाई। कलाकारों के संवाद, अभिनय और भावाभिव्यक्ति ने नाटक के विभिन्न प्रसंगों को प्रभावी बनाया।

          नाट्य प्रस्तुति को सजीव और प्रभावशाली बनाने में तकनीकी एवं सहयोगी टीम का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा। संगीत संयोजन मोहित कुमार, प्रकाश परिकल्पना टी.के. अग्रवाल, रूप सज्जा अभिषेक मैंदोला एवं अमिता मोहित तथा मंच सज्जा प्रेम कुमार ने की। नाटक के लिए संगीत आलोक मलासी ने तैयार किया था। वेशभूषा की जिम्मेदारी सुरेन्द्र कुमार पराशर एवं साईं ड्रेस एम्पोरियम ने निभाई। कथासार सपना गुलाटी ने पेश किया। स्वागत व्यवस्था में अशोक मिश्रा, कमल खरे ने सहयोग दिया।

              इस अवसर पर दून पुस्तकालय एवं शोध केन्द्र की ओर से आयोजित इस नाट्य प्रस्तुति को रंगमंच और साहित्य के प्रति दर्शकों की रुचि बढ़ाने की दिशा में एक सार्थक पहल के रूप में देखा गया। पुस्तकालय की गतिविधियां केवल पुस्तकों, पठन-पाठन और शोध तक सीमित नहीं हैं, बल्कि साहित्य, कला, संगीत, सिनेमा और रंगमंच के माध्यम से समाज के विभिन्न पक्षों, ऐतिहासिक घटनाओं, विचारों और मानवीय संवेदनाओं को आम लोगों तक पहुंचाना भी इसका महत्वपूर्ण उद्देश्य है।

        निर्देशक एस.पी. ममगाई ने कहा कि नाटक केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि समाज और समय को समझने की एक सशक्त विधा है। मंच पर प्रस्तुत होने वाली घटनाएं, पात्रों के संवाद, अभिनय, संगीत, ध्वनि और प्रकाश दर्शकों को किसी विषय से सीधे जोड़ते हैं। रंगमंच इतिहास की घटनाओं और चरित्रों को सामाजिक, राजनीतिक और मानवीय पक्षों पर विचार करने का अवसर प्रदान करता है। ‘औरंगजेब की आखिरी रात’ जैसी प्रस्तुति दर्शकों को इतिहास के साथ-साथ मनुष्य की अति लालसा, प्रवृत्तियों व आत्ममंथन के बारे में सोचने के लिए प्रेरित करेगी।

           कार्यक्रम में प्रसिद्ध रंगकर्मी अभि नंदा, दिनेश शास्त्री, दून पुस्तकालय एवं शोध केंद्र के कार्यक्रम अधिकारी चंद्रशेखर तिवारी, पुस्तकालयाध्यक्ष डी. के. पाण्डे, डॉ. लालता प्रसाद, रंगकर्मी अनिल दत्त शर्मा, पंकज पाण्डे, सुरेन्द्र सजवाण, सुंदर बिष्ट, आशा पैन्यूली, कुसुम नौटियाल, योगिता थपलियाल, मनीष ओली, गीतांजलि भट्ट, हरिओम पाली, ओमप्रकाश, आलोक सरीन. डी. के. काण्डपाल सहित अनेक नाट्य प्रेमियों, साहित्यकारों, लेखकों, रंगकर्मियों, युवाओं एवं प्रबुद्ध नागरिकों की उपस्थिति रही। दर्शकों ने कलाकारों के अभिनय और नाट्य प्रस्तुति में रुचि दिखाई। दून पुस्तकालय एवं शोध केन्द्र साहित्य, कला और रंगकर्म की ऐसी गतिविधियों के माध्यम से शहर में एक जीवंत सांस्कृतिक वातावरण विकसित करने तथा आम लोगों को ज्ञान, विचार और रचनात्मक अभिव्यक्ति से जोड़ने के अपने प्रयासों को निरंतर आगे बढ़ा रहा है।

  • Related Posts

    विज्ञान महोत्सव–2026 में बाल वैज्ञानिकों ने दिखाई प्रतिभा, जनपद स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी का परिणाम घोषित।

    Spread the love

    Spread the love    मीडिया प्रभारी अल्मोडा़ः दिनेश चन्द्र भट्ट                   (नया अध्याय, उत्तराखण्ड)                       …

    अल्मोड़ा में जिला स्तरीय विज्ञान महोत्सव का भव्य आयोजन

    Spread the love

    Spread the love  मीडिया प्रभारी अल्मोडा़ः दिनेश चन्द्र भट्ट                   (नया अध्याय, उत्तराखण्ड)                         …

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You Missed

    • By User
    • November 22, 2026
    • 2 views

    आत्मनिर्भर भारत की दिशा में स्वदेशी उत्पादों की भूमिका

    • By User
    • November 22, 2026
    • 7 views
    आत्मनिर्भर भारत की दिशा में स्वदेशी उत्पादों की भूमिका

    ‘औरंगजेब की आखिरी रात’ नाटक ने झकझोरा

    • By User
    • November 22, 2026
    • 10 views
    ‘औरंगजेब की आखिरी रात’ नाटक ने झकझोरा

    अलीगढ़ में अखिल भारतीय विराट कवि सम्मेलन सम्पन्न।

    • By User
    • November 22, 2026
    • 13 views
    अलीगढ़ में अखिल भारतीय विराट कवि सम्मेलन सम्पन्न।

    मेरी संवेदनशील बहन!

    • By User
    • November 22, 2026
    • 13 views
    मेरी संवेदनशील बहन!

    खाने और खिलाने का सुख

    • By User
    • November 22, 2026
    • 9 views
    खाने और खिलाने का सुख