ब्यूरो उत्तरकाशीः सुरेश रमोला, ब्रह्मखाल।
उत्तराखंड फोर्सेज और महिला उत्थान एवं ग्राम विकास संस्थान ने कराया जन जागरण।
पोषण माह के अवसर पर उत्तराखंड फोर्सेज के सहयोग से महिला उत्थान एवं ग्राम विकास संस्थान ब्रह्मखाल उत्तरकाशी द्वारा एक जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन आंगनबाड़ी केंद्र गयोनोटी एवं ज्ञानदीप चिल्ड्रन स्कूल ब्रह्मखाल के भण्डारस्यू क्षेत्र में किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों के सही पोषण और उनके स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाना है ताकि समाज के सभी वर्ग के बच्चों के पोषण का महत्व समझ सकें और उन्हें स्वस्थ जीवनशैली प्रदान कर सकें।
इस अवसर पर आयोजक संस्था के अध्यक्ष करण सिंह ने बच्चों के पोषण के महत्व पर जोर देते हुए कहा, बचपन के प्रारंभिक वर्षों में सही पोषण बच्चे के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। यह न केवल उनकी शारीरिक क्षमताओं को विकसित करता है, बल्कि उनकी सीखने और समझने की क्षमता को भी प्रभावित करता है। कुपोषण से बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर हो जाती है, जिससे वे कई बीमारियों के शिकार हो सकते हैं। ’माता-पिता और शिक्षकों की जिम्मेदारी है कि वे बच्चों को संतुलित आहार प्रदान करें, जिसमें प्रोटीन, विटामिन, और खनिजों की भरपूर मात्रा हो। हमें बच्चों को जंक फूड से दूर रखने और उन्हें ताजे फल, सब्जियां, और पोषक खाद्य पदार्थों के प्रति आकर्षित करने के प्रयास करने चाहिए।
महिला उत्थान एवं ग्राम विकास संस्थान के अध्यक्ष एवं आंगनबाड़ी की सुपरवाइजर श्रीमती सुलोचना शाह ने सरकार के द्वारा चलाई जा रही योजना के बारे में विस्तृत जानकारी दी ज्ञानदीप चिल्ड्रन एकेडमी के प्रबंधक श्री सुरेश रमोला विद्यालय के समस्त स्टाफ आंगनबाड़ी कार्यकत्री बीना मीरा मंजू आदि ने कहा’ हमारा प्रयास है कि हम समाज के हर हिस्से तक पोषण की सही जानकारी पहुंचाएं, विशेषकर बच्चों के संदर्भ में। स्वस्थ बच्चे ही हमारे देश के उज्जवल भविष्य का निर्माण करेंगे, और इसके लिए सही पोषण अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों और उनके अभिभावकों के बीच पोषण से जुड़ी जानकारी साझा की गई। साथ ही, उन्हें पौष्टिक भोजन के सही चयन और उसे दैनिक जीवन में शामिल करने के बारे में बताया गया। इस कार्यक्रम में ग्राम प्रधान, आंगनवाडी कार्यक्रत्री, आशा वर्कर, किशोरियों, बच्चे, गर्भवती महिलाएं भी उपस्थित रहीं।








