काव्य रत्न डॉ0 रामबली मिश्र, वाराणसी।
बदलता परिवेश
नहीं जमाना आज है, जो कल की थी बात।
मूल्य बदलते जा रहे, अब दिन में ही रात। ।
बहुत अधिक की भूख से, पीड़ित आज समाज।
पहले था संतोष धन, अब लिप्सा का राज।।
शांत मनीषी हृदय पथ, का दिखता है लोप।
चित्तवृत्ति में दम्भ का, दिखता दुखद प्रकोप। ।
धन – पद के पीछे मनुज, भाग रहा है आज।
गलत काम है कर रहा, भ्रष्टाचारी राज। ।
मानव दानव सा हुआ, लोक लाज का अंत।
खुद ही कहता स्वयं को, सदा अलौकिक संत। ।
सगे सहोदर लड़ रहे, आपस में भूचाल।
सदा अनर्गल कर रहे, सदा गमन पाताल।।
न्यायपालिका से हुआ, स्वयं मोह का भंग।
कार्यपालिका की क्रिया, से याची अब तंग। ।
विघटित हुआ समाज अब, काम भाव है व्याप्त।
नहीं संयमित जिंदगी, शिष्टाचार समाप्त।









