डॉ0 हरि नाथ मिश्र, अयोध्या (उ0प्र0)
कुण्डलिया
देना कभी न चाहिए, दुष्ट जनों का साथ,
दूषित करते बुद्धि ये, अपयश आता हाथ।
अपयश आता हाथ, हँसाई होती जग में,
थू-थू करते लोग, नहीं कुछ रहता वश में।
कहें मिसिर हरिनाथ, समझ इसको है लेना,
करो बुद्धि से काम, न साथ दुष्ट का देना।।
कुण्डलिया
साँच मीत होता वही, जो दे उचित सलाह,
पाप-कर्म से रोक कर, कह सुकर्म पे वाह।
कह सुकर्म पे वाह, गूढ़ को सदा छुपाता,
करे मदद जब गाढ़, व वादे सभी निभाता।
कहें मिसिर हरिनाथ, है मिलती उसको जीत,
बने बिगड़ता काम, यदि मिला साँच हो मीत।।









