डॉ0 हरि नाथ मिश्र, अयोध्या (उ0प्र0)
मंजिल
पथिक
मिलेगी मंजिल निश्चित राही, मत घबराना रे!
पथिक तुम चलते जाना रे, पथिक तुम चलते जाना रे!!
सूरज तपे, शरद हिम बरसे,
गगन से बरसें बरसातें।
बिजली चमके, तड़के फिर भी-
चलते जाना रे, पथिक तुम चलते जाना रे!!
देखो, सूरज नित उगता है,
चाँद कला है दिखलाता।
सुमन हवा सँग मिल के लुटाए-
गंध-खज़ाना रे, पथिक तुम चलते जाना रे!!
आया समय नहीं पुनि आए,
अब या तब सब काल समाए।
जीवन का भी रहता कोई-
नहीं ठिकाना रे, पथिक तुम चलते जाना रे!!
यात्रा कठिन दूर मंजिल है,
राहें जटिल हैं पथरीली।
नहीं मिले यदि सुख-सुबिधा-
तो थक मत जाना रे, पथिक तुम चलते जाना रे!!
अभी नहीं तो कभी मिलेगी,
निश्चित तेरी मंजिल भी।
दृढ़ संकल्पित होकर राही-
तीर चलाना रे, पथिक तुम चलते जाना रे!!
सतत परिश्रम करने पर भी,
फल मिलता विपरीत कभी।
फिर भी होके विफल-थकित-
मत अश्रु बहाना रे, पथिक तुम चलते जाना रे!!
मोती मिलता उसी को राही,
लहरों सँग जो नित लड़ता।
सिंधु-भीरु के हाथों लगता-
बस पछताना रे, पथिक तुम चलते जाना रे!!
तुम हो धन्य,सुनो, रे मानव!
प्राणी श्रेष्ठ बने जग के।
अपने कर्म का वादा कर के-
भूल न जाना रे, पथिक तुम चलते जाना रे!!
पथिक तुम चलते जाना रे!!









