डॉ0 हरि नाथ मिश्र, अयोध्या (उ0प्र0)
दोहे
बेर-केर फूलें-फलें, रखकर आपस मेल।
काँटा के सँग फूल का, अद्भुत है यह खेल।।
पुष्प-वाटिका में खिलें, विविध रंग के फूल।
इन्हें देख झट तोड़ लो, मत करना यह भूल।।
बादल सावन के भले, बरसें अमृत नीर।
अवनि अन्न देकर हरे, भूखे जग की पीर।।
नैन-तीर के वार को, देख लजाय कटार।
चक्षु सुंदरी की चुभन, जाए पिय-हिय पार।।
कभी न वापस आ सके, निकला तरकश-तीर।
बदले कभी न बात सच, कह कर सज्जन धीर।।
लोटा-सोटा-डोर का, है संबंध पुरान।
पुरा काल में थे यही, साँच पथिक-पहचान।।
निर्मल-शीतल जल, सुनो, है जीवन-आधार।
‘जल है जीवन’ सत्य को, झट-पट लो स्वीकार।।









