सैफ अली खान पर हमले ने सेलिब्रिटीज की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े करे, अखिलेश यादव का भी बयान आया सामने।
नई दिल्लीः बॉलीवुड एक्टर सैफ अली खान पर हमले ने सेलिब्रिटीज की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। दरअसल, गुरुवार तड़के चोरी के इरादे से घर में घुसे चोर ने चाकू से सैफ अली खान पर हमला किया, जिससे वह घायल हो गए। सैफ को लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी सर्जरी हुई। फिलहाल, वह अब खतरे से बाहर हैं। सोशल मीडिया पर फैंस और सेलेब्स ने भी सैफ की सलामती और जल्द ठीक होने की दुआ की है। इस बीच उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव का भी बयान सामने आया है।
समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने शुक्रवार को एक्स पर एक पोस्ट में कहा, ”लोकप्रिय फिल्म स्टार सैफ अली खान की सेहतमंदी की दुआओं के साथ सरकार से आग्रह कि कलाकारों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।”
सैफ अली खान पर छह बार चाकू से किया गया था हमला
बता दें, बॉलीवुड एक्टर सैफ अली खान के बांद्रा स्थित अपार्टमेंट में गुरुवार देर रात हुई घटना की गुत्थी अब तक सुलझ नहीं पाई है। सैफ अली खान पर छह बार चाकू से हमला किया गया। चाकू का एक टुकड़ा उनकी रीढ़ की हड्डी के पास फंस गया था। उन्हें ऑटो रिक्शा में बैठाकर लीलावती अस्पताल ले जाया गया था। डॉक्टरों ने सर्जरी के बाद सैफ को खतरे से बाहर बताया है। जेह की केयरटेकर इलियामा फिलिप ने कहा कि हमलावर ने 1 करोड़ रुपये की डिमांड की थी।







