डॉ0 हरि नाथ मिश्र, अयोध्या (उ0प्र0)।
मुस्कान(दोहे)
जहाँ कपट-छल हिय बसे, वहाँ नहीं मुस्कान।
अधरों पर मुस्कान तो, सज्जन की पहचान।।
दुर्जन की मुस्कान में, छुपा रहे अभिमान।
हँस-हँस कर वह मिल गले, रचता कपट-विधान।।
आँखों से आँखें मिलें, होंठों पर मुस्कान।
ऐसे हिय में ही बसें, प्रेम रूप भगवान।।
होठों की मुस्कान सँग, सुंदर-मीठे बोल।
नर-तन की शोभा यही,आभूषण अनमोल।।
अधर-मधुर मुस्कान पा, विह्वल मनुज-समाज।
शीश झुका कर सब करें, नमन ईश को आज।।









