डॉ0 हरि नाथ मिश्र, अयोध्या (उ0प्र0)
कुंभ-स्नान
महा पूण्य का कुंभ यह, परम पुनीत नहान।
डुबकी संगम – नीर में, लेते निष्ठावान।।
तीरथ-राज प्रयाग में, उमड़ी भीड़ अपार।
युवा-वृद्ध-बालक सहित, सजा संत-दरबार।।
उच्च सोच-आदर्श का, होता कुंभ प्रतीक।
जाति-पाँति के भेद का, उत्तर श्रेष्ठ-सटीक।।
काशी-मथुरा-कुंभ सँग, विमल अयोध्या-नीर।
गंग-यमुन-जल मिल हरें, त्रिविध ताप की पीर।।
ध्वजा सनातन-धर्म की, फहर करे उद्घोष।
नहा प्रयागी कुंभ में, मिलता है संतोष।।
समतामूलक सोच का, करता कुंभ प्रसार।
त्रय पुनीत जल-धार यह, करती शुद्ध विचार।।
शक्ति-शांति-संकल्प सँग, प्रेम-एकता-केंद्र।
दिखें नहाते कुंभ में, जनता संग नृपेंद्र।।







