ब्यूरो गोंडा वजीरगंजः सियाराम पाण्डेय।
गोंडा वजीरगंज थानाक्षेत्र के अन्तर्गत 98 गांवों में 316 स्थानों पर होलिका दहन होगा। पुलिस टीम संबंधित ग्रामपंचायतों में पुलिस मित्र व सहयोगियों से समन्वय बनाकर होली के त्योहार को सकुशल सम्पन्न कराने की तैयारी पूरी कर चुकी है। इस बार होली का त्योहार शुक्रवार को पड़ने से पुलिस विशेष सतर्कता बरत रही है। थानाक्षेत्र के 4 हल्कों व चौकी क्षेत्र में हल्का प्रभारियों की अगुवाई में टीमों का गठन कर होने वाली गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
हल्का व बीट प्रभारी संबंधित ग्रामपंचायतों के पुलिस मित्रों व मुखबिरों से लगातार अपडेट ले रहे। मिश्रित आबादी में पुलिस टीम विशेष कैम्प कर सभी से मिलजुलकर त्योहारों को मनाने पर बल दे रही। थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि थानाक्षेत्र के 4 हल्कों तथा डुमरियाडीह चौकी क्षेत्र में 102 पुलिसकर्मियों, 32 होमगार्डों, व 70 चौकीदारों की तैनाती की गयी है। उन्होंने बताया कि उच्चाधिकारियों ने सभी समुदायों के साथ बैठक कर त्योहार मनाने के संदर्भ में दिशानिर्देश जारी किया जा चुका है।







