ब्यूरो गोंडा नवाबगंजः सियाराम पाण्डेय।
जेसीबी से किया गया सैकड़ों ट्राली अवैध मिट्टी खनन।शिकायत दर्ज।
गोंडा नवाबगंजः क्षेत्र के तुलसीपुर माझा गांव में खनन माफिया द्वारा मंगलवार की रात जेसीबी से सैकड़ों ट्राली मिट्टी अवैध रूप से खोद कर बेच दी गई है। इस मामले में गांव के ही एक व्यक्ति ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज करायी है।
तुलसीपुर माझा गांव के पूरे राम प्रसाद मजरा निवासी रामदेव यादव ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर दर्ज करायी गयी शिकायत में बताया कि उनके खेत के बगल गांव के ही राम महेश यादव पुत्र देवी बख्श ने मंगलवार की रात में जेसीबी से अवैध मिट्टी खनन कराया है।पूरी रात चले इस अवैध मिट्टी खनन में सैकड़ों ट्राली मिट्टी खोद कर बेच डाली गई। इस संबंध में पुलिस और राजस्व विभाग को भी सूचना दी गई लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार की रात में ही मंहगूपुर गांव में भी अवैध मिट्टी खनन किया गया है। गांव के ही दीनानाथ पांडे ने बिना परमीशन के ही रात भर में रैपर मशीन से करीब 50 ट्राली मिट्टी का अवैध खनन कर डाला है।तुरकौली दुल्लापुर महेशपुर इस्माइलपुर सहित ऐसे दर्जनभर गांव है जहा पर अवैध मिट्टी खनन लोडर लगाकर लगातार चोरी चुपके किया जा रहा है ।वहीं एक हफ्ते पहले रघुनाथपुर गांव में बृज किशोर यादव द्वारा अवैध मिट्टी खनन की घटना को अंजाम दिया गया था।
एक तरफ जहां जिलाधिकारी नेहा शर्मा द्वारा अवैध खनन के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। जिलाधिकारी के निर्देश पर खनन विभाग द्वारा बीते 15 दिनों में रात्रि में ही आधा दर्जन अवैध खनन के मामलों में ताबड़तोड़ कारवाई की गई है। लेकिन स्थानीय राजस्व अधिकारी ना तो अपने क्षेत्र में रात्रि विश्राम कर रहे हैं और ना ही अवैध खनन की छोटी-बड़ी घटनाओं पर कार्रवाई करना चाह रहे हैं। स्थानीय राजस्व अधिकारियों की इसी कार्यशैली से खनन माफियाओं के हौसले कितने बुलंद हैं इसका अंदाजा सिर्फ इस बात से लगाया जा सकता है कि तुलसीपुर गांव में बीती 14 तारीख को हुये अंशुमान हत्याकांड के बाद गांव में पुलिस और पीएससी तैनात है लेकिन मंगलवार की रात खनन माफिया ने पूरी रात जेसीबी लगाकर खनन की घटना को सफलतापूर्वक अंजाम दे दिया।
उपजिलाधिकारी तरबगंज राजीव मोहन सक्सेना ने बताया कि खनन की सभी घटनाओं पर जांच कर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई की जाएगी।







