ब्यूरो कुमाऊंः दयानन्द कठैत अल्मोड़ा।
बिना भूवैज्ञानिकों की राय लिए ही उड़ा दी क्वारब की पहाड़ी : माहरा
रानीखेत (अल्मोड़ा): कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने शुक्रवार को स्प्रिंग फील्ड स्थित कैंप कार्यालय में प्रेस वार्ता कर अल्मोड़ा के निकट क्वारब पुल की स्थिति को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि संवेदनशील क्षेत्र में पहाड़ को रातों-रात बारूद से उड़ा दिया गया, जबकि ऐसी जगहों पर हिल कंट्रोल ब्लास्टिंग के जरिए काम होना चाहिए था। उन्होंने कहा कि यह सब बजट बढ़ाने के लिए किया गया और इसमें भूवैज्ञानिकों की राय तक नहीं ली गई।
माहरा ने बताया कि इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने वृहस्पतिवार को अल्मोड़ा में जोरदार प्रदर्शन किया था।साथ ही चेतावनी दी है कि यदि इस पर शीघ्र कार्यवाही नहीं हुई तो भवाली जाम के साथ साथ कमिश्नर कार्यालय, मुख्यमंत्री आवास का घेराव किया जाएगा।
करन माहरा ने प्रदेश सरकार को पर्वतीय क्षेत्रों की अनदेखी करने के लिए घेरा। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में इलाज की समुचित व्यवस्था नहीं है और मरीजों को रैफर करने में भारी दिक्कतें आ रही हैं। वहीं कैंची धाम के पास प्रतिदिन लगने वाला जाम आम लोगों और मरीजों के लिए जानलेवा बनता जा रहा है। इस जाम एंबुलेंस भी कई घंटों तक फंसे रह जाती है।श्री माहरा ने कहा कि इस जाम का बूरा असर पर्यटन तथ होटल व्यवसाय पर भी पड़ रहा है लेकिन सरकार अबतक कोई बैकल्पिक मार्ग तैयार नहीं कर पाई है। इस अवसर पर वहां गोपाल सिंह देव, कुलदीप कुमार, हेमन्त रौतेला, महेश आर्या, दीप उपाध्याय, सोनू आदि लोग मौजूद थे।









