डॉ0 हरि नाथ मिश्र, अयोध्या, (उ0प्र0)
गजल
देख कर तुमको ही तो दिल को लुटाना आ गया।
लुट कर मुझे कुछ यूँ लगा जैसे खज़ाना पा गया।।
मायूसियों में अब तलक जो गुजर रही थी ज़िंदगी।
पाकर तुम्हें जीने का उसको अब बहाना आ गया।।
जो गीत लेकर आए हो तुम ये मधुर सुर-ताल का।
मेरे सिले होंठों को देखो, गीत गाना आ गया।।
खिल भी गईं कलियाँ सभी गुलशन महकने अब लगा।
काँटों के सँग फूलों को भी यूँ मुस्कुराना आ गया।।
पा के तुमको दिल की सारी बुझ सी गयी जो प्यास थी।
अब तो लो बस मस्ती ही मस्ती का ज़माना आ गया।।
रोतीं रहीं आँखे जो अश्क़ों से लबालब थीं भरीं।
तुमको पाकर उनको भी अब सबको हँसाना आ गया।।
काली घटाएँ छँट गईं तूफ़ान सब गायब हुए।
जाते ही वो काली घटा, मौसम सुहाना आ गया।।






