काव्य रत्न डॉ0 रामबली मिश्र, वाराणसी।
योग दिवस
योग दिवस की धूम है, कर लो योगाभ्यास।
करो न केवल एक दिन, प्रति दिन करो प्रयास।।
निर्मल काया योग से, होती निःसंदेह।
योगी का तन देख लो, वह लोहे का देह।।
जीवन से यदि स्नेह है, करना योग- प्रयोग।
अष्ट -अंग के योग से, काया बने निरोग।।
चंचल चित स्थायी रहे, मन में अनुपम शक्ति।
आती है एकाग्रता, सदा कर्म- अनुरक्ति ।।
ध्यान – धारणा जागरण, लाता यौगिक कर्म।
चित्त वृत्ति को रोकना, ही सचमुच में धर्म।।
योगी सच्चा मनुज है, रमण करे चहुँओर।
देखे जग को ब्रह्ममय, आत्मज्ञान घनघोर।।
कर्म- कुशलता के लिए, नियमित करना योग।
शुद्ध बुद्धि परिपक्व मन, अंत:करण निरोग।।
य़दि चाहो संतोष धन, सिर्फ योग ही राह।
बिना योग के कब हुई, किसकी पूरी चाह??







