काव्य रत्न डॉ0 रामबली मिश्र, वाराणसी।
पहला प्यार
भूल नही सकता कभी, सबसे पहला प्यार।
इसी प्यार में है छिपा, उत्सुकता का तार।।
जबतक अंतिम श्वांस है, तबतक पहला प्यार।
यह बंधन है हृदय का, जीवन का पतवार।।
अमृत जैसा प्यार यह, मधुरिम दिव्य बहार।
जीवन में लाये यही, शीतल मंद बयार।।
जीवन की शुरुवात का, हरा- भरा यह खेत।
इसमें ऊर्जा अत्यधिक, रंग पीत अरु श्वेत।।
यह संवेग प्रधान है, मन में नित इजाहार।
मुलाक़ात की चाह अति, स्नेहिल मधुर विचार।।
पहला प्यार अजर- अमर, कभी न होता नष्ट।
मन- उर में आसीन यह, अंकित अनुदिन स्पष्ट।।
पहला प्यार अमोल है, इसके अमृत बोल।
इसको लेकर हृदय में, रसमय बनकर डोल।।
बड़े भाग्य से यह मिले, करते ईश प्रदान।
सुखमय मोहक जिंदगी, हेतु प्यार वरदान।।







