डॉ. ऋचा यादव, बिलासपुर, छत्तीसगढ़।
स्वार्थी
आज गृहविज्ञान विषय में प्रोफेसर के एकमात्र पद पर अपना नियुक्ति पत्र देखकर सोमा अपने बेटे को गले लगाकर रो पड़ी।
कनक ने माँ को देखा और दादी की ओर दौड़ गया। दादी ने सोमा को देखा और कनक को गोद में लेकर कमरे से बाहर चली गई।
सोमा अवाक रह गई।
पिछले छह माह से उसने अपने आपको एक कमरे में लगभग बंद कर लिया था। कनक जब भी आता, वह उसे चिल्लाकर भगा देती। ज़िद करने पर मार भी देती।
पति की मौत के बाद वह खुद को संभाल नहीं पाई थी। पर जीवन तो आगे भी था।
सास की ज़िद ने उसे रिश्तेदारों से मिलने और बातचीत करने को मजबूर कर दिया था। मगर उसका व्यवहार देख कर लोग उससे कन्नी काटने लगे थे।
वे कहते—
“यह तो ऐसे बात करती है जैसे इसके पति की मौत के लिए हम ही ज़िम्मेदार हैं!”
बूढ़ी सास ने एक दिन कहा,
“अब तुझे ही हम तीनों के जीवन की नैया पार लगानी है!”
तभी उसने निश्चय किया कि वह अपने आप को एक मौका ज़रूर देगी। तब से वह पूरे दिन पढ़ाई की कोशिश करती, मगर वर्षों से छूटा अभ्यास, दिवंगत पति की यादें, और उससे मिलने को व्याकुल उसका बेटा— सब उसे विचलित करते।
सास को अकेले काम करते देख उसका मन दुखता। लगता था जैसे वह कितनी स्वार्थी हो गई है। पढ़ते समय ध्यान नहीं लगता।
धीरे-धीरे उसने अपने मन को कठोर किया। खाना-पीना, घूमना-फिरना तो पति के साथ ही छूट चुका था।
सास ने किताबों के लिए घर को गिरवी रख दिया था।
वह रो पड़ी… और सास के पीछे भागी—
“लीजिए माँ, आपकी स्वार्थी बहू आज सफल हो गई!”
“नहीं बेटा,” सास ने कहा,
“तू स्वार्थी नहीं, स्वार्थी तो मैं हूँ… जो तुझे तेरे बेटे से भी अलग कर दिया था।”
यह सुनकर दोनों हँस पड़े।






