मेंहदी की खुशबू

मेंहदी में खुशबू बहुत, मधुर गंध भरमार।
अति मोहक रंगीन यह, सुखद प्राकृतिक हार।।
इसमें बसता प्रेम है, प्रिय मादक संसार।
दुल्हन का श्रृंगार यह, शुभमय प्रिय सत्कार।।
मंडप की शोभा यही,फैशन है भरपूर।
इससे सजतीं नारियाँ, दिखें हमेशा नूर।।
नित्य नवेली नारियाँ, लगतीं खुशबूदार।
हाथ- पैर में अति चमक, आकर्षक दीदार।।
मेंहदी औषधि द्रव्य है, गुणकारी नित नव्य।
बहुत सुगंधित पत्तियाँ, करें केश को भव्य।।
परम सांस्कृतिक चिह्न यह, मौलिक लोकाचार।
अति पावनता है यहाँ, उत्तम शुद्ध बयार।।
मेंहदी रहती जिस जगह, वहाँ देव का वास।
दरवाज़े पर रोपने, का हो सदा प्रयास।।
सुंदरता की खान यह, सदा स्वास्थ्य पर ध्यान।
स्वच्छ करे वातावरण, स्वयं दिव्य परिधान।।
एक ऐसा खत जो मैंने कभी नहीं भेजा
लिखा किन्तु भेजा नहीं, पढ़ा किन्तु दस बार।
ऐसी क्या मजबूरियां, जुट न सका वह तार।।
चाह रहा था भेजना, हिम्मत दिया न साथ।
खत में बातें लिखित पर, मानस हुआ अनाथ।।
खत में स्नेहिल वाक्य थे, और प्रेम की धार।
उर्मिल सारे शब्द थे, किन्तु सभी बेकार।।
मन में प्रिय अनुभूति थी, अतुलित मधुर विचार।
साहस अरु उत्साह से, बना स्वयं खतकार।।
खत में बैठा था हृदय, हीरा अति अनमोल।
राग- रागिनी थी ध्वनित, मोहक उत्तम बोल।।
व्यासपीठ पर बैठते, निकले अमुल तरंग।
जागा पूरी रात भर, भरा प्रीति का रंग।।
बार -बार पढ़ कर लिखा, प्रेम शक्ति को झोंक।
लिखते लिखते टूटती, गयी कलम की नोक।।
किन्तु यही अफ़सोस है, खत को सका न भेज।
किस्मत का यह खेल है, तभी किया परहेज।।






