काव्य रत्न डॉ0 रामबली मिश्र, वाराणसी।
बचपन की सुनहरी यादें
बचपन की याद बहुत आती है।
सुखमय जीवन बतलाती है।।
था अनमोल बहुत यह जीवन।
हरा भरा था रसमय कानन।।
मैदानों में खेला करता।
दर्शकजन का मेला लगता।।
‘गेनतड़ी’ का खेल मनोहर।
आता मजा खूब प्रिय सुंदर।।
बहुत चिबिल्लापन था मन में।
अति उत्साह भरा जेहन में।।
हँसी मजाक चला करता था।
रोज ठहाका प्रिय लगता था।।
जमकर गोली खेला करते।
तास पत्तियाँ खोला करते।।
बहुत कबड्डी प्यारी लगती।
लुका- छिपी अति न्यारी लगती।।
कोरा कागज
मेरा जीवन कोरा कागज।
शीश चढ़ाया कभी न रजगज।।
नहीं भाग्य में अमृत धारा।
बिन स्याही कागज अंधियारा।।
कागज से गायब अक्षर है।
गुप्त मात्रिका वर्णाक्षर है।।
वाक्यों का कुछ पता नहीं है।
कागज पर मधुलता नहीं है।।
कागज के सब पृष्ठ दुखी हैं।
जैसे जल बिन मीन दुखी है।।
बचपन से जीवन भर देखा-
कभी न मोहक गीत सुलेखा।।
दर -दर घूमा ठोकर खाते।
गिरता पड़ता आते जाते।।
कोरा कागज अति उदास है।
इसे न स्याही का सुवास है।।







