प्रभारी सम्पादकः राजेन्द्र सिंह जादौन।
नरेंद्र ही राहुल है?
क्या हर नरेंद्र के भीतर एक राहुल छिपा है? यह सवाल मात्र नामों का खेल नहीं, बल्कि विचारों, संस्कारों और समय के द्वंद्व का प्रतीक है। जब हम नरेंद्र की बात करते हैं, तो हमारे सामने स्वामी विवेकानंद की छवि उभरती है एक युवा संन्यासी, जो पश्चिम में जाकर भारत की आध्यात्मिकता का परचम लहराता है। उनका बचपन का नाम था नरेंद्रनाथ दत्त। उन्होंने राष्ट्र को आत्मविश्वास दिया, युवाओं को कर्मयोग का संदेश दिया और समर्पण का मार्ग दिखाया।
दूसरी ओर, राहुल नाम हमें इतिहास में बुद्ध के पुत्र की याद दिलाता है। राहुल, जो सांसारिक जीवन और विरक्ति के द्वंद्व का प्रतीक बना। एक तरफ पिता बुद्ध ने संसार का मोह त्याग दिया, दूसरी ओर पुत्र राहुल को जीवन की जिम्मेदारियाँ निभानी पड़ीं। राहुल में प्रतीक्षा थी, मोह था, और अंततः वैराग्य भी।
अब सवाल यह है कि जब हम कहते हैं “नरेंद्र ही राहुल है”, तो इसका असली मतलब क्या है?
नरेंद्र विवेक का प्रतीक है। विवेकानंद ने कहा था“उठो, जागो और लक्ष्य प्राप्ति तक मत रुको।” यह सिर्फ एक नारा नहीं, बल्कि जीवन का दर्शन है। नरेंद्र के भीतर ऊर्जा है, कर्म है, सेवा है। वह यथार्थ में विश्वास करता है।
राहुल, दूसरी तरफ, प्रतीक है प्रतीक्षा का। बुद्ध के पुत्र होने के बावजूद राहुल जीवन के सवालों में उलझा रहा। वह विरक्ति चाहता था, परंतु परिस्थितियों ने उसे देर तक बांधे रखा। राहुल की यात्रा मुक्ति की ओर थी, लेकिन नरेंद्र का मार्ग कर्म से होते हुए ज्ञान तक जाता है।
तो क्या नरेंद्र और राहुल एक हो सकते हैं? हाँ, जब हर राहुल अपनी प्रतीक्षा छोड़कर नरेंद्र की तरह कर्मपथ पर चले। और जब हर नरेंद्र, राहुल की तरह अपने भीतर करुणा और धैर्य को जिंदा रखे ।
हम एक ऐसे समय में जी रहे हैं जहाँ नामों की राजनीति सबसे ज्यादा हो रही है। नरेंद्र और राहुल ये नाम आज राजनीतिक मंचों पर दो ध्रुव की तरह खड़े हैं। एक को विकास का प्रतीक कहा जाता है, दूसरे को परंपरा और वंशवाद का। लेकिन अगर हम सतही राजनीति से ऊपर उठकर देखें तो यह सवाल और गहरा हो जाता है क्या सचमुच व्यक्ति को नाम से परिभाषित किया जा सकता है?
स्वामी विवेकानंद के नरेंद्र का संघर्ष और राहुल के प्रतीक्षा-भाव को देखें, तो पाएंगे कि दोनों मनुष्य के भीतर के दो पहलू हैं। एक पक्ष हमें आगे बढ़ाता है, दुस्साहस करवाता है, चट्टान को चीरने की ताकत देता है। दूसरा पक्ष हमें थामता है, सोचने पर मजबूर करता है, हमें विनम्र बनाता है।
हर इंसान के भीतर एक नरेंद्र है जो कहता है, “मैं कर सकता हूँ।” और एक राहुल हैजो कहता है, “थोड़ा रुक जाओ, सोचो, सही समय का इंतजार करो।”
अगर नरेंद्र के भीतर का राहुल मर गया, तो वह अहंकारी हो जाएगा। और अगर राहुल के भीतर का नरेंद्र सो गया, तो वह केवल स्वप्नद्रष्टा बनकर रह जाएगा। ज़िंदगी की असली कला यही है कि इन दोनों को संतुलित किया जाए।
जब हम कहते हैं “नरेंद्र ही राहुल है”, तो इसका तात्पर्य यह नहीं कि विवेकानंद को कभी राहुल कहा गया। इसका मतलब यह है कि हर नरेंद्र हर कर्मयोगी, हर क्रांतिकारी के भीतर एक राहुल भी होना चाहिए, जो करुणा और संयम से भरा हो। और हर राहुल के भीतर वह ज्वाला होनी चाहिए जो नरेंद्र में थी।
स्वामी विवेकानंद ने दुनिया को जो संदेश दिया, वह आज भी उतना ही प्रासंगिक है युवाओं को केवल सपने देखने नहीं, बल्कि उन्हें पूरा करने की हिम्मत होनी चाहिए। यह नरेंद्र का रास्ता है। और साथ ही, उन सपनों के पीछे नैतिकता और संवेदनशीलता होनी चाहिए। यह राहुल का रास्ता है।
क्या तुम अपने भीतर के नरेंद्र को जगा पाए हो?
क्या तुमने अपने राहुल को समझा है? क्या तुम केवल नाम और छवि के खेल में उलझे हो, या वास्तव में मूल्यों को अपनाना चाहते हो?
भारत को आज ऐसे युवाओं की ज़रूरत है, जो नरेंद्र की तरह कर्मठ हों और राहुल की तरह मानवीय संवेदनाओं से भरे हों। क्योंकि केवल कर्म से विकास होता है, और केवल करुणा से सभ्यता बचती है।
“नरेंद्र ही राहुल है” यह कोई ऐतिहासिक तथ्य नहीं, बल्कि एक दार्शनिक प्रश्न है। यह बताता है कि नाम का कोई मूल्य नहीं, मूल्य है विचार का। नाम बदलते रहते हैं, लेकिन आदर्श वही रहते हैं। विवेकानंद के नरेंद्र ने हमें यह सिखाया कि कर्म सबसे बड़ा धर्म है। राहुल हमें यह याद दिलाता है कि करुणा सबसे बड़ा बल है। और जब ये दोनों मिलते हैं, तभी सच्चा मनुष्य बनता है।






