शिवानन्द सिंह ‘सहयोगी’
वाराणसी
गाली यात्रा
मतदाता के गाँव
शहर में
निकले हैं
गाली यात्रा पर
‘हम’।
देख रहे हैं
आँख फाड़कर
गौतम बुद्ध बिहार
सड़कें मौन
मुहल्ले चुप हैं
राहें रहीं विचार
लोकतंत्र के
चौराहे पर
निकले हैं
थाली यात्रा पर
‘हम’।
गढ़ते अपनी
नई कहानी
सुबह दोपहर शाम
ओढ़ा नई
प्रगति की आशा
सिर छतरी भर घाम
भीड़तंत्र का
भव्य दिखावा
निकले हैं
ताली यात्रा पर
‘हम’।
जाने कितने
भूमि घुटाले
आपत युग के चोर
एक अनिश्चित
गठबंधन है
अनियंत्रित है शोर
एक तिराहा
चौपाटी है
निकले हैं
चाली यात्रा पर
‘हम’।







