काव्य रत्न डॉ0 रामबली मिश्र, वाराणसी।
घोर स्वार्थ
अंधकार में पड़ा मनुष्य आज भागता।
कृत्य में विकार है दरिंदगी संवरता।
स्वार्थवाद घोर आज साम्म्यता समाप्त है।
तुच्छ भावना अजेय स्वार्थ राग व्याप्त है।
तुष्टि आज लुप्तप्राय काम भाव बढ़ गया।
भोग दृष्टि वांछनीय का कुरंग चढ़ गया।
मानवीय मूल्यहीनता कुमूल्य आज है।
सत्यता पिटी हुई परार्थता नराज है।
अर्थचक्र तेजवान वक्र धर्म हो गया।
वेदना कराहती सुकर्म आज सो गया।
“बैंक” में जमा करो सदा बटोर अर्थ को।
ग्राह्य अर्थवाद हो न देख तू अनर्थ को।
स्वार्थ में सदैव लिप्त हो रहो करो सभी।
कर्म अर्थयुक्त हो कुबुद्धि हो भले अभी।
देखते चलो स्वयं भरो सदैव जेब को।
सोचते यही रहो तू पा रहा है देव को।
भूल जा अनित्य को अवश्य स्वार्थपूर्ति हो।
वंदनीय है यही विवेकपूर्ण मूर्ति है।
दान भाव त्याग दो जमा करो सदा मरो।
नृत्य स्नेह का नहीं समाज को चरा करो।
स्वार्थ मोक्षधाम की विचार वृत्ति दीखती।
आत्म दृष्टि लुप्त प्राय दोष आज लखपती।







