संवाददाता आगर मालवाः गोवर्धन कुम्भकार।
सोयाबीन फसल का कम भाव मिलने से नाराज किसानों ने आगर में किया चक्का जाम, पहले तो पिला मोजेक वायरस ने तोड़ी कमर और अब कम भाव ने।
आगर मालवा: जिले में सोयाबीन की फसल का सही दाम नहीं मिलने से नाराज किसानों ने शनिवार को नेशनल हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। जिला मुख्यालय के छावनी चौराहे पर किसानों ने सड़क पर बैठकर प्रदर्शन किया, जिससे करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा।
जानकारी के मुताबिक, आगर कृषि उपज मंडी में किसानों को सोयाबीन का दाम मात्र 2700 से 3000 रुपए प्रति क्विंटल तक मिल रहा था। कम दाम से नाराज किसानों ने पहले मंडी में प्रदर्शन किया और मंडी गेट पर ताला जड़ दिया। बाद में नारेबाजी करते हुए किसान छावनी नाका चौराहे पहुंचे और अपने ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़े कर नेशनल हाईवे-52 पर चक्काजाम कर दिया।
किसानों का कहना है कि अतिवृष्टि और पीला मोज़ेक वायरस से फसल पहले ही खराब हो चुकी है, ऊपर से मंडी में कम भाव मिलने से अब उनकी लागत भी नहीं निकल पा रही। किसानों ने सवाल उठाया कि जब भावांतर योजना में सरकार भाव का अंतर देती है, तो वह राशि मंडी में ही क्यों न दे दी जाए – ताकि उन्हें तुरंत राहत मिल सके।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। एडिशनल एसपी, एसडीएम, तहसीलदार और थाना प्रभारी ने किसानों से चर्चा की। समझाइश के बाद किसानों ने जाम खत्म किया। इस दौरान हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
13 जिलों को मिला मुआवजा, आगर खाली हाथ –
प्रदेश सरकार ने हाल ही ही में असमय वर्षा और पीला मोजेक रोग से प्रभावित 13 जिलों के किसानों को मुआवजा वितरण किया। लेकिन इस सूची में आगर जिले का नाम न होने से यहां के किसानों में गहरी मायूसी और गुस्सा फैल गया है। खेतों में खड़ी फसलें बर्बाद होने के बाद किसान हफ्तों से राहत राशि की उम्मीद लगाए बैठे थे, लेकिन अब फिर निराशा हाथ लगी है।






