कवि- अशोक कुमार यादव मुंगेली, छत्तीसगढ़
अध्यक्ष यादव समाज सेवा समिति।
रावण-ही-रावण
जिस रावण को मारा था श्रीराम ने,
लोगों के मन में अभी भी जिंदा है।
हर दिन रावण लीला हो रहा है यहाँ,
असत्य, अज्ञान, बुराई की निंदा है।।
कोई नर हवस के पुजारी बन बैठा है,
मासूम स्त्रियों का कर रहा बलात्कार।
बार-बार रावण का रूप धारण कर,
फिर क्यों कर रहा उन पर अत्याचार।।
घर के आँगन में बैठी रोती है नारी,
माथे का सिंदूर बन जाता है अंगार।
घड़ी-घड़ी होती उनकी अग्नि परीक्षा,
देश की बेटी हैं घरेलू हिंसा का शिकार।।
पराई स्त्री पर नजर रखते हैं मनचले,
प्रेम झाँसा देकर बहलाते,फूसलाते हैं।
जीवन भर रानी बनाकर रखूँगा कहकर,
अंत में घर से भगाकर कहीं ले जाते हैं।।
बुरे मानव के अंदर रावण-ही-रावण है,
मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु राम कहाँ से लाऊँ।
रावण राज में अधर्मी, पापी, दुराचारी हैं,
अच्छाई का राम राज फिर से कैसे बनाऊँ।।






