डा. सीमा विजयवर्गीय
अलवर, राजस्थान।
उसे अब ढूँढ कर लाना, सुनो ऐ चाँद पूनम के
ये दिल जिसका है दीवाना, सुनो ऐ चाँद पूनम के
रहे रूठा मगर यादों में आकर क्यों सताता है
ये उससे पूछ कर आना, सुनो ऐ चाँद पूनम के
उसे भी प्रेम के धागों पे क्या विश्वास है पूरा
नज़र उसकी भी पढ़ आना, सुनो ऐ चाँद पूनम के
तुम्हारे रूप से भी है कहीं सुंदर मेरा चंदा
ये सुनकर रूठ मत जाना, सुनो ऐ चाँद पूनम के
हठीला तो बहुत लेकिन वो दिल का है बहुत अच्छा
मगर उसको न बतलाना, सुनो ऐ चाँद पूनम के
बिरह के दीप ले, इक आस में बैठी कोई जोगन
उसे चुपके से समझाना, सुनो ऐ चाँद पूनम के
शरद की चाँदनी को देखकर, तुम खो नहीं जाना
मेरे चंदा को ले आना, सुनो ऐ चाँद पूनम के







