लेखिका/कवयित्री
सुश्री सरोज कंसारी
नवापारा राजिम
रायपुर छत्तीसगढ़।
आलेख
“””””””””””
बस हृदय में प्रेम और मानवीय भाव रखते हुए हर किसी को सम्मान दें।
हर मौसम का अपनी जगह अलग ही महत्व हैं। इस तन को स्वस्थ- सुखी और सामर्थ्यवान बनाने के लिए गर्मी, ठंड और बरसात सभी जरुरी हैं।परिवर्तन के बिना इस जीवन का कोई औचित्य नहीं। सोंचिए ! अगर बचपन से युवा और बुजुर्ग का दौर न होता तो क्या होता? इस संसार की हर गतिविधि रुक ही जाती न।जैसे- दिन से रात होते हैं। ये धरती- चांद, सितारे, नदी, पर्वत, झरने सभी अपनी जगह पर रहकर हमें पल्लवित और पुष्पित करने के लिए आवश्यक ऊर्जा प्रदान करते हैं निस्वार्थ। हर दिन चौबीस घंटे हमारी सेवा में लगे रहते हैं। अगर ये सभी रूठ जाएं, हमें शुद्ध हवा, शीलता, जल, फल- फूल, औषधि और भी आवश्यक जीवन निर्वहन के साधन उपलब्ध न कराएं तो क्या होगा? एक ही पल में दम घूंट जाएंगे और मानव जीवन का अस्तित्व ही समाप्त हो जायेगा एक मर्यादा, संस्कार और नियमो में बंधकर रहने से जीवन का संतुलन बना रहता हैं इसे तोड़ने पर खुद का ही नहीं हमारी सभ्यता संस्कृति और परंपरा का विनाश होता हैं।
प्रकृति की सभी चीजे अपनी जगह व्यवस्थित हैं। जो हमें जीवन को उत्कृष्ट बनाने और समस्त मानव जीवन को सुखी करने के लिए आवश्यक साधन उपलब्ध कराते हैं। कारण- उनमें आपस में कोई भेदभाव, झगड़े, ईर्ष्या- द्वेष, बहस- विवाद नही हैं। फिर हम मनुष्य होकर समस्त शक्ति स्रोत होकर, अपनी क्षमता-योग्यता, हुनर, बल- बुद्धि का उपयोग सही दिशा में, मानव हित में, लोगों के कल्याण के लिए क्यूं नहीं कर पाते? क्यूं हम सिर्फ आपने बारे में सोचते हैं, अपनी जिंदगी बनाने में लगे रहते हैं? औरों के सहयोगी नहीं बन पाते। अपने बुरे कर्म से दूसरो को नुकसान पहुंचाते हैं, बहकावे में आ जाते हैं। अपने ही बनाएं रिश्ते को कुचल देते हैं, षडयंत्र करते हैं, झूठ बोलते हैं। अपने निज लाभ के लिए किसी भी हद तक गिर जाते हैं मनुष्य होकर क्रूर-कठोर व्यवहार भी करते हैं।लोभ-लालच के लिए प्रकृति की सुंदरता को बिगाड़ते हैं जिनसे- शीतलता, रोशनी और जीवन जीने के आवश्यक ऊर्जा हमें मिलती हैं। उससे खिलवाड़ करते हैं।
अगर हम इंसान होकर अपने कर्त्तव्य और जिम्मेदारी को ईमानदारी से निभाएं। अपने कर्म पथ में सही दिशा में मंजिल की ओर बढ़े तो सच में कही कोई असुविधा नहीं होगी। किसी की आंखो में आंसू नही होंगे, कहीं कोई अभाव में जीवन नहीं गुजारेंगे। अमीरी- गरीबी का भेद नहीं होगा, कोई शोषण, आतंक और अत्याचार नहीं कर पाएंगे। अमानवीय व्यवहार नहीं होगें। बस हृदय में प्रेम और मानवीय भाव रखते हुए हर किसी को सम्मान दें। लोगों को उनके अधिकार मिलें और किसी की मेहनत का सही फल उन्हें दें। बेईमानी, रिश्वत, मिलावट, अन्याय का विरोध करें और गरीबों को आवश्यक सुविधाएं दें। बेसहारों को सहारा मिले तो सोचिए! कितना सुंदर माहौल होगा चारों तरफ।
गलत काम और व्यवहार लोग अधिकतर छुपकर करते हैं। लेकिन हम सही होकर डरते हैं क्यूं आवाज नहीं उठा पाते? कारण हैं हम बंटे हुए हैं जाति-धर्म, मजहब- संप्रदाय, ऊंच- नीच के भेदभाव में। एक सौ चालीस करोड़ जनता अगर एक हो जाएं और साथ मिलकर आपसी सुलह से सकारात्मक दृष्टि से हर वर्ग के लोगो के कल्याण के लिए कार्य करें, इस धरती पर जन्म लिए हर मुनष्य की मूलभूत आवश्यकताओं, उनके अधिकार के लिए प्रयास करें तो दुनिया की कोई शक्ति हमें तोड़ नही पाएंगी। हमारे नेक विचारों के सामने हर किसी को झुकना पड़ेगा। बस शर्ते अपने घमंड से दूर रहिए। जब हम संगठित होकर किसी सही उद्वेश्य के लिए हर किसी में सामंजस्य- सहयोग, सांत्वना- सहानुभूति, दया- क्षमा, करूणा के साथ हम आगे बढ़ेंगे तो एक सुंदर, सुखद ,स्वस्थ परिवार, समाज, पड़ोस, गांव, नगर शहर और राष्ट्र का निर्माण कर सकतें हैं।
हम जन्म लेते हैं यहीं पलते- बढ़ते, खेलते- कूदते हैं। धीरे- धीरे हममें समझदारी बढ़ती हैं, दुख सुख का सामना करते हैं।ज़िम्मेदारी, रिश्ते-नाते में बंधते हैं, नई सोच- समझ विकसित होती हैं। अपने कर्म क्षेत्र में सभी गतिशील हैं, ईश्वर की सत्ता को स्वीकार कर रहें। नियम- कानून, रीति- रिवाज को निभातें हैं, तभी तो यह सृष्टि संचालित हैं। अगर हम सभी एक जगह ठहर जाएं, कोई अपने कार्य को न करें, नए अविष्कार न हो, सभी अपने तक सीमित हो जाएं ,कोई गतिविधी न हो तो जिंदगी कैसी होगी ? सोचिए! सक्रियता, साहस, हिम्मत, जागरूकता और एहसास हैं तभी यह संसार सुव्यवस्थित हैं। यहीं तो जीवन हैं आगे बढ़तें रहना, प्रयास करना, किसी बात पर आपसी चर्चा, सलाह लेना और सही फैसला करना। जब हम कुछ अच्छा करने की सोचते हैं तभी तो उसे साकार कर पाते हैं।
इस संसार के हर एक प्राणी किसी न किसी काम में लगे हैं। कोई सिर्फ अपने तक सीमित हैं तो कोई सर्व हित के लिए सोचते हैं। कोई सहयोग करते हैं तो कोई विरोध करते हैं। लेकिन हर कोई अपने ही लाभ के लिए न सोचकर औरों को भी जीवन जीने के लिए सही माहौल दें उन्हें आगे बढने में मदद करें। छल- कपट न करें तो यह संसार बहुत ही सुखद प्रतीत होगा।
जिंदगी जीते हैं और इस सफर में जब हम चलते हैं तो हर पल हम मौत के करीब होते हैं। घटना- दुर्घटना, होनी- अनहोनी हादसे हमारे आगे पीछे ही घूमती है। पर हम बेखबर होते हैं उसे देख नहीं पाते। जिंदगी जीना चाहते हैं लेकिन मुसीबात का सामना नहीं करना चाहते। अपनो के बिना रह नहीं सकते पर अपनो की इज्जत नहीं करते।
ईश्वर ने मनुष्य की संरचना कुछ इस तरह की हैं की हम हर परिस्थिति का सामना कर सकतें हैं। क्योंकि प्रकृति के पंच तत्व से बने इस तन में अपार क्षमता हैं। तभी तो पग- पग पर हो रही घटना- दुर्घटनाओं से बचकर अपना जीवन यापन करते ही हैं। पर जन्म- मरण के चक्र से सभी को गुजरना ही पड़ता हैं। कोई कितना भी शक्तिशाली हो एक समय के बाद सब क्षीण होने लगता हैं। रूप- रंग, यौवन, शक्ति- सामर्थ्य के रहते ही खेल हैं सब। जब तक हैं और सोचने- समझने कार्य करने की क्षमता हैं सही सोचे, अच्छा करें और स्वार्थ से ऊपर होकर हर इंसान को अपना समझें।
जब हम- किसी के दुर्व्यवहार को एक सीमा तक सहन करते हैं, उन्हें सुधरने का अवसर देते हैं। पीड़ित व्यक्ति की बात सुनते हैं, किसी के दर्द को महसूस करते हैं। आलोचना से डरते नहीं जब सही दिशा में होते हैं। किसी से शिकायत नहीं करते, मन में ईर्ष्या भाव नहीं रखते। तब सच में जीवन जीते हैं मनुष्य धर्म को निभाते हैं।
किसी को गिराने, अपमानित करने, झुकाने की कोशिश नहीं करते, जलते नहीं किसी की तरक्की से। अपने पद का दुरुपयोग नही करते, सिर्फ सलाह नहीं देते साथ भी देते हैं। कहते नहीं करके दिखाते हैं। जब मन का हर कोना उत्साह, सकारात्मक सोच से भरा होता हैं। किसी का बुरा नहीं चाहते, आत्मा की आवाज सुनते हैं। तब सरल- सहज और सात्विक जीवन होता हैं और मनुष्य जीवन सफल होता हैं। अपनी बुराइयों को दूर करने की कोशिश करते हैं, किसी पर आरोप- प्रत्यारोप नहीं करते। गलतियों को स्वीकार कर लेते हैं, बस अपनी बात को सही और दूसरों को गलत नहीं कहते। इससे हम व्याकुल, अशांत और गमगीन नहीं रहते। अपने सही होने का आभास हममें हर पल एक नई ताजगी भर देती हैं।
जीवन में भक्ति का बहुत महत्व हैं यह हमें आत्मिक शक्ति देती हैं। जब सच्चे ह्वदय से हम ईश्वर की आराधना करते हैं, इस सांसरिक जीवन से दुखी होकर, किसी समस्या से पीड़ित होकर उन्हें पुकारते हैं, विश्वास करते हैं तब सच में आत्मा की पुकार वे सुनते हैं। यकिन मानिए ! प्रार्थना से जीवन में चमत्कार उत्पन्न होते हैं। बस उम्मीद की ज्योति कभी बुझने मत दिजिए। आपके जीवन में कभी निराशाओं का अंधेरा नहीं होगा।
हम किसी के मार्ग में बाधक नहीं बनते, दूसरो को छोटा नहीं समझते, सभी समान को सामान व्यवहार देते हैं। यह एक ऐसा गुण हैं जिससे आत्मा शुद्ध होती हैं। जब हम हर कुविचार को त्याग कर मन को पवित्र रखते हैं खुद पर विश्वास कर आगे बढ़ते हैं। जैसे भीतर हैं वैसे ही बाहर भी रहते हैं तब दिव्य गुण विकसित होने लगता हैं। जब हम अंतर्मन की आवाज सुनते हैं और किसी प्रकार से कपट नहीं रखते, बुरा नहीं सोचते तब आंतरिक ऊर्जा प्रवाहित होती हैं। एक इंसान की अच्छाई हर पल उसे एक मजबूत सुरक्षा कवच देती हैं।
जब आप बुरे होकर अच्छे बनने ढोंग करते हैं तब आपकी मानसिकता कमजोर होती हैं। अंदर से खोखला होते चले जाते हैं पर पता नहीं चलता पूरी तरह बर्बाद होने के बाद ही समझ पाते हैं। बाहर से आप अच्छा होने का कितना भी दिखावा कर ले, लेकिन आत्मा से को पवित्र नहीं कर पाते तो एक दिन आपके कुविचार और गलत सोच आपको सजा देती हैं। ये मत सोचिए! आपके भीतर कोई झांककर नहीं देख सकते, आप कैसे हैं यह पहचान नहीं सकते ? बस समय का इंतजार किजिए जो जैसे होते हैं उसी के अनुसार उन्हें परीणाम अवश्य मिलता हैं। एक इंसान होकर दूसरो से सिर्फ सम्मान पाने, तारीफ सुनने के लिए व्याकुल मत रहिए। कर्म आपका परिचय स्वयं देता हैं इसलिए खामोश रहिए और बिना किसी संकोच के कार्य किजिए, बेवजह किसी से डरिए मत।
बस देते रहिए अपने मन- वचन और कर्म से हर किसी को सही व्यवहार। इंसान में दैवीय गुण सच्ची आस्था- भक्ति और अच्छे व्यवहार से आते हैं। कोई कैसे भी रहें अपनी सोच दूषित मत किजिए। बदला लेने की मत सोचिए, बस हर किसी के लिए अपने मन में सद्विचार रखिए, उनकी अच्छाई को ग्रहण किजिए। एक बार सही राह पर चलकर देखिए! झूठ का दामन छोड़िए। जीवन सच में सुंदर हैं इसलिए लोगों की दुआ, आशिर्वाद और शुभकामनाएं लेते रहिए। ये जीवन के दुखद समय में बहुत काम आते हैं। बस किसी से बद्दुआ मत लिजिए। किसी की आह! से भी हंसती- खेलती जिंदगी में दुख के पहाड़ टूट जाते हैं इसलिए डरिए! बेवजह किसी को सताइए मत।
“””””””””””””””””””””””””””””””””””””””””””””””””””””””””””””””






