डॉ0 हरि नाथ मिश्र, अयोध्या।
(नया अध्याय, देहरादून)
स्वीकार नहीं
नहीं निराशावादी बनना,
जीवन होता भार नहीं।
जीतेगा विश्वास हमारा,
हार कभी स्वीकार नहीं।।
चट्टानों को तोड़-तोड़ कर,
हमने राह बनाई है।
जा बंजर भू-भागों पर भी,
फसलें सदा उगाई है।
संकट को है हँस कर झेला,
कोई चीख-पुकार नहीं।।
हार कभी स्वीकार नहीं।।
निष्ठा पूरित मुदित हृदय से,
जो भी हमने ठाना है।
दृढ़ संकल्पित होकर कहते,
निश्चित उसको पाना है।
कभी न मुड़कर पीछे देखा,
झुकना तो संस्कार नहीं।।
हार कभी स्वीकार नहीं।।
किया परिश्रम जितना संभव,
तन-मन-भाव-समर्पण से।
सदा मान कर कर्म देव सम,
प्रेम-नीर के तर्पण से।
मात्र कर्म ही धर्म हमारा,
फल होता अधिकार नहीं।।
हार कभी स्वीकार नहीं।।
रात अँधेरी कट जाती है,
जब प्रभात की आस रहे।
धरा-गर्भ से जल भी टपके,
जब उत्साही प्यास रहे।
शिला टूटती विश्वासों से,
सके तोड़ तलवार नहीं।।
हार कभी स्वीकार नहीं।।







