डॉक्टर रामबली मिश्र, वाराणसी।
(नया अध्याय, देहरादून)
प्यार की खुशबू (दुर्मिल सवैया )
गमके नित प्यार सुगंधित सा, मदमस्त करे प्रिय के मन को।
उछले उर का हर तंत्र सदा, सुखदा मधुमान करे तन को।
दुखनाशक है यह रत्न प्रभा, अति मोहक राग सुधा इसमें।
सबमें भरता अति हर्ष रसा, रसहीन स्वभाव दिखे जिसमें।
नित निर्मल पावन सभ्य करे, सबमें शुभ उत्तम भाव भरे।
दुखमोचक रोचक रम्यनुमा, बहु- भाँति मनोहर रूप धरे।
जिसको इसका नित दर्शन हो, बनता शुभमान सदा जग में।
खुशबू इसमें बहुतायत है, मलयागिरि चंदन है रग में।






