डॉ0 हरि नाथ मिश्र, अयोध्या।
(नया अध्याय, देहरादून)
चंद्रमा (दोहे)
नभ की शोभा चंद्र है, गगन चंद्र-छवि-सार।
दोनों जीवन के प्रबल, होते प्राणाधार ।।
रवि-शशि की जोड़ी अतुल, करती जग उजियार।
किंतु चंद्रमा ज्योति निज, रवि से लेत उधार ।।
शिशु-मामा है चंद्रमा, सुमुखी-उपमा-स्रोत।
जब निकले शशि गगन में, गायब हों खद्योत।।
कवि भी पाकर चंद्र को, प्रमुदित चित-मन-गात।
अनुपम-अद्भुत सृजन कर, लिखे ज्ञान की बात।।
चंद्र-किरण शीतल परम, करे शांत मन-क्लेश।
स्वयं रहे शीतल बना, लेकर ज्योति दिनेश ।।
प्रकृति कामिनी-माथ पर, विमल चंद्रमा सोह।
मुक्त-हस्त छवि बाँटता, बिना किसी सम्मोह।।
निरख-निरख छवि-चंद्र की, कवि-मन विगसत जाय।
जैसे सर में कमल खिल, लख रवि को मुस्काय ।।
षोडष शशि की हैं कला, कला चंद्र की सिद्ध।
चंद्र-कला साहित्य की, शैली एक प्रसिद्ध ।।






