प्रो. (डॉ.) मंजू वर्मा
(रिटायर्ड प्रोफेसर पंजाब विश्वविद्यालय चंडीगढ़)
(नया अध्याय, देहरादून)
रोज लोहड़ी नहीं होती
शिशिर की सर्द हवाओं में
शहर के इर्द-गिर्द
बस्ती बस्ती में
हर रोज़
साँझ ढले
झुग्गी झोंपड़ियों
के बाड़े में
गीली सूखी
लकडिय़ों के जलते अलाव
और आग का ताप सेंकता
एक जनसमूह
बिना किसी त्योहार
रोज़ लोहड़ी नहीं होती
बल्कि उनके अरमानों के
साथ जलते हैं
शहर के कोने-कोने से
बस्ती के नौनिहालों द्वारा
कूड़े के ढेर से बीन कर लाए
छोटे-बड़े काग़ज़ के टुकड़े
सीली लकड़ियों की
लपटों को उत्तेजित करने के लिए
साथ धराशाई होते हैं
धधकती आग से उठते
धुएँ को शांत करने के लिए
मिट्टी के तेल के छिड़काव से
धू धू कर जलती
दहकती ज्वाला
कोहरे से लिपटी
फ़िज़ाओं को
उष्णता के आवरण से
ढक देती है
झुग्गी झोंपड़ियों की
पतली दुबली सी स्त्रियों द्वारा
दिन भर की मुश्कत से
इकठ्ठी कीं दरख्तों की
शुष्क टहनियां
रात्रि के कुछ हिस्से को
गर्माहट के आगोश में भर लेती हैं….।







