डॉ0 हरि नाथ मिश्र, अयोध्या
(नया अध्याय, देहरादून)
जीवन एक चुनौती
एक चुनौती भरी राह है जिंदगी,
गर करोगे बसर मन में ले सादगी।
राह मंज़िल तक तुमको पहुँचाएगी-
और दुनिया करेगी तेरी वंदगी।।
धैर्य खोए बिना,पूर्ण विश्वास से,
बेहिचक राह पर अपनी चलते रहो।
अंत में राह-मंज़िल का होगा मिलन-
शीघ्र ही आकर तुमसे मिलेगी खुशी।।
और दुनिया………………।।
कंटकाकीर्ण राहें तो होतीं मग़र,
चलते रहना उन्हीं पे रहे जिंदगी।
गर क़दम लड़खड़ाएँ तो ग़म मत करो-
आगे बढ़ते रहो बिन किए मन दुखी।।
और दुनिया……………।।
चीर करके उदर तम का रवि नभ उगे,
भिड़ शिलाओं से सरिता सतत जग बहे।
बदलो चिंतन त्वरित अब निडर हो बढ़ो-
आगे मंज़िल मिलेगी तुम्हें भी खड़ी।।
और दुनिया……………..।।
ज़िंदगी में चुनौती तो बस साज़ है,
तार छेड़ो तो मिलता मधुर स्वाद है।
स्वाद चख लो मधुरता का इस जन्म में-
ज़िंदगी से मत करना कभी दिल्लगी।।
और दुनिया……………।।
चुनौतियाँ नाते-रिश्ते निभाते रहो,
नाते-रिश्तों का आदर करना सदा।
ज़िंदगी तो चुनौती है माना कठिन-
इसे अपना बनाकर ही होगे सुखी।।
और दुनिया करेगी तेरी वंदगी।।







