सुश्री सरोज कंसारी
कवयित्री एवं लेखिका
नवापारा-राजिम, रायपुर (छत्तीसगढ़)
(नया अध्याय, देहरादून)
“कुछ रिश्ते ‘निःशब्द’ होते हैं—वे कुछ कहते तो नहीं, पर हमारी हर मुश्किल को बिना कहे ही समझ लेते हैं”
: सुश्री सरोज कंसारी।
—————————————
चुप्पी अक्सर बहुत मुखर होती है, शायद शब्दों से भी कहीं ज़्यादा प्रभावशाली। मैंने तो अपनी भावनाओं को पिरोकर शब्दों की एक पूरी माला बनाई और उससे एक पूरी पुस्तक लिख डाली है; पर विडंबना देखिए कि उस पुस्तक के हर पन्ने पर शब्दों की उपस्थिति के बावजूद, सिर्फ सन्नाटों की गूँज सुनाई देती है। वह सन्नाटा खालीपन नहीं होता, बल्कि उसमें एक गहरी समझ और अनुभवों का सार समाहित है। उस किताब का हर शब्द एक अनकही दास्तां कहता है, और हर खाली जगह उस शोर की व्याख्या करती है जिसे दुनिया कभी सुन नहीं पाई। कभी-कभी मौन ही वह भाषा बन जाता है जिसमें आत्मा के सबसे शुद्ध संवाद लिखे जाते हैं। पन्नों के बीच की यह खामोशी चीख-चीख कर उन जज्बातों को बयां करती है, जिन्हें बोलने की कोशिश में शब्द अक्सर छोटे पड़ जाया करते हैं। हमें अपनी त्रुटियों और कमियों को स्वीकार करना सीखना चाहिए। जीवन की छोटी-बड़ी बातों का ध्यान रखना और अपनों के लिए समय निकालना आवश्यक है। जीवन में आत्मीयता से भरें मधुर संबंधों का महत्वपूर्ण स्थान होता है। रिश्तों को निभाने के लिए संयम और समझदारी की जरूरत होती है। जबरदस्ती में किसी भी रिश्ते को लम्बे समय तक निभा पाना संभव नहीं होता। हमारे मन में विचारों की हर पल उलझन होती है। भागदौड़ भरी इस जीवन शैली के बीच मानसिकता को स्थिर कर कार्य करना चाहिए। ज्यादा सोच और व्याकुलता से स्थिति और बिगड़ जाती है। मन की सोच ही हमें मंजिल का पता देती है क्योंकि जिस बात पर हम ज्यादा ध्यान केंद्रित करते हैं, उसी के अनुसार कार्य व्यवहार तय होता है। अपने भीतर किस हालत से गुजर रहे हैं, इसका अंदाजा किसी को नहीं होता। हमेशा इस पल में रहकर कार्य करना चाहिए। संघर्ष से मनुष्य जीवन सर्वत्र अव्यवस्थित होता है। जो अपनी भावनाओं को समय के साथ नियंत्रित कर लेते हैं, वही आगे बढ़ते हैं। भावनाओं के प्रवाह में उचित-अनुचित का ज्ञान अवश्य रखना चाहिए। याद रखिए, भीतर से नम्र, सद्भाव से भरे रहें। पर सच का आभास होना भी ज़रूरी है। अपने दयालु और सरल स्वभाव से खिलवाड़ न हो, इसके लिए हमेशा जागरूक रहना चाहिए। जीवन में सहयोगी कम और मायूस करने वाले लोगों की अधिकता होती है। हम अपनो से जुड़कर, उन्हें निभाकर और अपनत्व को महसूस कर निश्चिंत हो जाते हैं, उन पर विश्वास होता है। जब वही टूटता है, तो दुख का गहरा समंदर होता है जीवन में…किसी रिश्ते, नाते, परिचित, मित्र, सगे-संबंधी, करीबी जनों के बारे में एकदम गंभीर मत रहिए। किसी बात या व्यवहार को लेकर मन में बहुत सारी कल्पनाएँ मत कीजिए। जब मन टूटता है, तो उस पीड़ा को सहन करना कठिन हो जाता है। सहज-सरल रहिए हर किसी के प्रति और हमेशा अपने मूल स्वरूप में रहें। जितना हो सके, खुश रहने के लिए दूसरों से ज्यादा उम्मीद बांधकर मत रखिए। बिना किसी मानसिक बोझ के मुक्त निर्मल मन से जीवन के इस पथ पर प्रवाहित होते रहिए। बाधाओं से डरिए मत। सांसारिक जीवन की व्यथाएं कभी कम नहीं होंगी। शांत, सरल और सुखी जीवन के लिए इच्छाओं का अंत करते रहिए। क्षणिक जीवन से सार को ग्रहण कीजिए। महत्वहीन बातों और कार्यों से दूर रहकर अपने अस्तित्व की रक्षा कीजिए। मनुष्य जीवन एक दूसरे के सहयोग से ही मंजिल तक जाते हैं। आगे बढ़ते हुए कभी पीछे छूट गए, उन्हें भूलिए मत। एक तिनका भी किसी ने आपको शरीरक, मानसिक, आर्थिक, सामाजिक या बौद्धिक रूप से सहयोग किए, प्रेम-सम्मान, आशीर्वाद दिए, जिनके साथ सुकून और शांति के पल बिताए, उन्हें साथ लेकर चलिए। आपसी सामंजस्य बनाकर रखें। आभारी रहिए सदैव सृष्टि के हर कण के प्रति। जो तुम्हे एक बूंद भी खुशियों के पल दें, उन्हें दुगुना कर लौटाइए। यही प्रकृति है… जीवन की गहनता के सूक्ष्म अध्ययन के लिए उत्सुक रहना चाहिए। अपने आसपास एक सुखद वातावरण के लिए अंतर्मन को निश्छल रखें। नियम के विरुद्ध कोई कार्य मत कीजिए। अहंकार पूर्ण जीवन मत गुजारिए। महत्व दीजिये अपने जीवन से जुड़े हर व्यक्ति का। मन से हर तरह भेदभाव को हटा दीजिये। याद रखिए, हम इंसान हैं, हमें प्रेम से हर पल को आनंदित करना है, यही जीवन है। नफरत की चोट से हर लम्हा उदास होता है। प्रेम प्राप्त करने की वस्तु नहीं, बल्कि जीने का एक अनुभव है। जो व्यक्ति प्रेम में जीता है, वह हर क्षण आनंदित रहता है। राम का वास: जिसके हृदय में ‘राम’ (सत्य और करुणा) का वास है, वहां नफरत के लिए कोई स्थान नहीं होता। सच्चा भक्त नफरत करने के बजाय उसे प्रेम से मिटाने का प्रयास करता है। हृदय का दायित्व: रिश्तों और परिस्थितियों को केवल तर्क से नहीं, बल्कि हृदय की करुणा से संभालना चाहिए। यह मानवीय मूल्यों की रक्षा करने का सबसे शुद्ध तरीका है। कथनी और करनी की एकता: उपदेश देना सरल है, लेकिन उसे स्वयं के जीवन में उतारना और अपनी बातों पर अडिग रहना ही वास्तविक ईमानदारी है। यदि हम अपनी भावनाओं को हृदय से संचालित करें और अपने शब्दों के प्रति ईमानदार रहें, तो हम न केवल स्वयं को बल्कि समाज को भी नफरत से मुक्त कर सकेंगे।







