डॉ0 हरि नाथ मिश्र, अयोध्या
(नया अध्याय, देहरादून)
दोहे
वासंतिक छवि(दोहे)
सुरभित वातावरण है, कोकिल-कंठ सुरम्य।
वासंतिक परिवेश में, प्रकृति-छटा अति रम्य।।
अलि-गुंजन अति प्रिय लगे, अति प्रिय सरित-तड़ाग।
पुष्प-गंध प्रिय नासिका, प्रिय आमों की बाग।।
सरसों से शोभा बढ़े, धरा-वस्त्र प्रिय पीत।
बार-बार मन यह कहे, आ जा प्यारे मीत।।
गुल गुलाब,टेसू खिले, आम्र-मंजरी गंध।
चहुँ-दिशि गंध प्रसार कर, बहती पवन-सुगंध।।
तन-मन प्रियतम याद में, विरही मन अकुलाय।
वासंतिक परिवेश भी, सके न अग्नि बुझाय।।
रवि-किरणें अति प्रिय लगें, चंद्र लगे बहु नीक।
पर,विरही मन को लगे, जैसे बाण सटीक।।
रति-अनंग का मास यह, मधु-मधुकर-मधुमास।
प्रकृति-छटा अति रुचिर है, प्रगति-प्रकाश-विकास।।







