सुश्री सरोज कंसारी
कवयित्री/लेखिका/शिक्षिका
नवापारा-राजिम,
रायपुर (छत्तीसगढ़)
(नया अध्याय, देहरादून)
मोह का माया: असार को सार समझने की भूल!
– सुश्री सरोज कंसारी
———————————-
क्षणिक जीवन के सार को समझो, मोह-माया में बेकार न उलझो। आत्म-कल्याण के मार्ग चुनो, दुर्भाव को तज जीवन साकार करो। मन के विकारों का पूर्ण त्याग किए बिना जीवन को…सरल-सहज बना पाना संभव नहीं। सांसारिक जीवन में हर पल हम किसी न किसी बात को लेकर अशांत होते हैं। लोगों से मिलने वाली दुर्व्यवहार से मानसिकता विचलित होती है। हम छोड़ नहीं पाते राग-द्वेष, काम-क्रोध, भोग-विलास, कलहपूर्ण जीवन को…शांत रहने के लिए हमें अपने भीतर की बुराइयों को नष्ट करना जरूरी है। हम बाहरी जगत में सुख की तलाश करते हैं, जहां हर पल छल-कपट, षड्यंत्र, अपराध, स्वार्थ और धोखे का माहौल है। शोक-संताप, रोग-दोष, घृणा-दुश्मनी से भरे हम मनुष्य अपने लिए शांति की चाह करते हैं। जब तक शिकायत करना बंद नहीं करेंगे, खुद में सुधार नहीं करेंगे, यूँ ही इस माया के जाल में तड़पते-बिलखते, चीखते ही रहेंगे। नियंत्रित कीजिए अपनी भावनाओं को, मौन रहिए, जरूरी हो तभी कहिए। भूलते-छोड़ते आगे बढ़िए उन लोगों को जो कड़वाहट का विष घोलते हैं। मोह और माया में उलझे मनुष्य का जीवन कभी पूर्ण रूप से शांत और संतुष्ट नहीं हो सकता। कुछ समय के लिए अस्थाई खुशी अवश्य मिल सकती है, लेकिन इस सांसारिक जीवन में…इच्छाओं से वशीभूत होकर आरंभ से अंत तक भटकते ही हैं। दुख की मूल उपज है मोह, जहां हम पूरी तरह कैद होते हैं, रिश्ते-नाते, मित्र-करीबी जनों में। हमें लगता है जो साथ हैं, बस यही जीवन है। भौतिक सुख, मौज-मस्ती में हम पूर्ण रूप से खो जाते हैं। भ्रम में रहते हैं जो हैं वह अपना हैं, एक आदत सी हो जाती है सबकी। जब तक हम इसे पकड़ कर रखते हैं, तब तक चिंतित रहते हैं, इसे संभाल कर रखने में कई परेशानियाँ आती हैं। कभी जीवन निर्वहन करते अपनों को जोड़कर रखने और कई तरह की यातनाओं से मानसिकता बिखर जाती है। उतार-चढ़ाव के बीच एक समय के बाद थकान सी होने लगती है। फिर भी अंत तक इस नश्वर जीवन के प्रति मोह नहीं छोड़ पाते। बहुत कुछ पाने और खोने के बाद भी सुकून नहीं होता, कुछ न कुछ अधूरा ही रह जाता है। जीवन सच नहीं, फिर भी हम आत्म-कल्याण के लिए कार्य करने की बजाय बाह्य सुख की ओर अधिक उत्सुक होते हैं। मोह और माया में उलझे हम मनुष्य कभी अपने जीवन की सार्थकता को नहीं समझ सकते। समय रहते इस सांसारिक जीवन में रहते हुए भी आत्मिक उत्थान के लिए प्रयास करें। मोह को मिथ्या मान उससे दूर रहकर आत्मा को सत्य मान खुद को परमात्मा से जोड़ लेना ही सही है। तभी इस सांसारिक दुखों से मुक्त हो जीवन के परम आनंद को प्राप्त कर पाएंगे…मोह – एक तरह का आकर्षण है, किसी व्यक्ति-वस्तु, स्थान के प्रति असीम लगाव। प्रेम जिसमें हमारी भावनाएं जुड़ी होती हैं, जिसे हम किसी भी हालात में छोड़ना नहीं चाहते। माया में पूरी तरह लिप्त हो जाने पर सत्य क्या है,इसका आभास भी नहीं कर पाते और उससे निकल नहीं पाते। मोह और माया में जब हम अति में डूब जाते हैं तो आत्म गहराई में नहीं पहुंच पाते। हम क्या हैं, कहाँ जाना है? यह चिंतन नहीं कर पाते। बस जिंदगी भर रिश्तों में रहकर जिम्मेदारी का निर्वहन करते दौड़ते-भागते, अस्त-व्यस्त होते हैं। हम सांसारिक जीवन के सुख को जुटाने की चाह में उन उद्देश्यों से विमुख हो जाते हैं जो सच में मनुष्य जीवन के लिए जरूरी हैं। मनुष्यता को भूल जाते हैं…मोह में हम जीवन के सार तत्व को नहीं ढूंढ़ पाते। हर वक्त मन में अंतरयुद्ध होता है। वास्तविकता से दूर भ्रम में जीवन जीने को विवश हो जाते हैं। बाह्य रूप से खुद को संवारने में लगे होते हैं, आत्म-पुकार नहीं सुन पाते। जो हैं वह कल भी नहीं रहेगा, यह हम सभी जानते हैं, फिर भी उसके प्रति मोह को नहीं छोड़ पाते और दुख के बोझ में दबे रहते हैं। इस धरा पर, जन्म लिए हर मनुष्य किसी न किसी बंधन में है। अपने प्रिय चीजों को तुरंत त्याग कर देने की क्षमता हर किसी में नहीं हो सकती। मोह से दूर रहने के लिए…संयम-सदाचार,सत्संग-साधना, कठिन तप और निरंतर अभ्यास की जरूरत होती है। छोड़ के जाना सब कुछ यहीं पर, किस बात का है फिर अभिमान? हँस लें, गा लें जरा मुस्कुरा दें। गम की गठरी का क्या है काम? यथार्थ है – हर इंसान को सुख-शांति, सुविधा सब कुछ चाहिए। जिस बात से हमें हानि-तकलीफ या किसी तरह असुरक्षा की आशंका हो, उस कार्य से, लोगों से हम बचने की कोशिश अवश्य करते हैं। जिसमें हमें लाभ हो, जहां हम अपने ख्वाहिश-शौक और खुशियों को सहेज सकें, उस तरफ सभी आकर्षित होते हैं। यह तय है अपने स्वार्थ के लिए लोग कुछ भी कर सकते हैं। हम इस झूठ में जीवन भर जीते हैं कि इस संसार से जो कुछ भी मिला है, इस पर पूर्ण अधिकार है और अंत तक व्याकुल ही रहते हैं। सब छूट ही जाता है। जिसे हम पकड़ कर रखे हैं, हम दिन-रात परेशान रहते हैं, उन सुखों को पाने के लिए जो एक दिन नष्ट हो जाएगा…सांसारिक सुख की चाह ही दुख का कारण है, यह जानते हुए भी हम उसे पाने के लिए भागते हैं। जब हम अपनी सोच को विस्तारित कर अपने दायरे से ऊपर उठकर सर्वहित के लिए कार्य करने लगते हैं। मृत्यु के भय को त्याग क्षणिक जीवन को सार्थक बनाने की दिशा में आगे बढ़ते हैं, तब हमें जीवन का लक्ष्य मिल जाता है। स्वार्थी जीवन जीने से बेहतर कुछ बेहतर करें औरों के लिए।
बोझ न रखना, कह दें जो कहना,
इस सफर का नहीं कोई मुकाम।
कभी हैं बिखरना, कभी संवरना,
साँसे हैं तब तक चलते ही रहना।
———————————-







