डॉ0 हरि नाथ मिश्र, अयोध्या
(नया अध्याय, देहरादून)
दोहे (यमुना)
यमुना पौराणिक नदी, ले पुनीत जल-धार।
बहती अपनी धरा पर, बनी पुण्य का द्वार।।
यम-यमुना भाई-बहन, पितु रवि-देव-प्रकाश।
उत्सव भाई-दूज दे, सुख जो चित्त निराश।।
भानु-सुता यमुना सरित, का अपि कृष्णा नाम।
किए कृष्ण लीला रुचिर, बना कूल शुचि धाम।।
यमुना-राधा-कृष्ण का, अद्भुत है संबंध।
यमुन-नीर बहता सदा, लिए प्रेम की गंध।।
राधा-मोहन-प्रेम का, यमुना-कूल प्रमाण।
सुन मोहक धुन बाँसुरी, हों जीवित निष्प्राण।।
यमुना-गंग-सरस्वती, संगम रुचिर प्रयाग।
धर्म सनातन गीत का, छेड़ें सुंदर राग।।
यमुना की लख दुर्दशा, होता चित्त उदास।
दूषित जल से अब नहीं, बुझती सबकी प्यास।।
प्राणप्रदायक यमुन-जल, दिखता अब निष्प्राण।
बिलख-बिलख वह माँगता, हे जग दे-दे त्राण!!






