राजकुमार कुम्भज
जवाहरमार्ग, इन्दौर
(नया अध्याय, देहरादून)
_______________________
टैंक पर लोकतंत्र?
_______________________
टैंक जब रौंद रहे हों हर-कहीं
बच्चों, बूढ़ों, स्त्रियों और अस्पतालों को
बम जब बरसाये जा रहे हों दुनियाभर में
खेतों, कारखानों में, हल चलाते, कल चलाते
किसानों, मजदूरों, कामगारों की रीढ़ पर
जब संधि-समझौतों से छुपाकर लगातार
लिखी जा रही हों नृशंसताएँ, बर्बरताएँ
फूलों की जगह बिछाई जा रही हों लाशें
जहाँ-जहाँ दिखाई देती थीं पाठशालाऍं
अगर वहाँ-वहाँ उड़ाई जा रही हो बारूद
तो मैं कैसे लिख सकता हूँ कविता
तो मैं कैसे लिख सकता हूँ है ईश्वर कहीं
तो मैं कैसे लिख सकता हूँ पानी का संगीत
तो मैं कैसे लिख सकता हूँ युद्ध विरूद्ध बुद्ध
और मैं कैसे लिख सकता हूँ अनुनय-विनय
सचमुच मैं लिख ही कैसे सकता हूँ प्रार्थनाएँ
कैसे लिख सकता हूँ टैंक पर लोकतंत्र?
_______________________
युद्ध के पास नहीं है कोई उत्तर.
_______________________
युद्ध के पास नहीं है कोई उत्तर
वह जो खुद ही एक सवाल है आजीवन
किसी को भी,कोई भी उत्तर देगा ही क्या
क़ीमत और उत्तर तो देते हैं नागरिक
लड़ते हैं, मरते हैं देश के लिए दिन-रात
और फिर एक दिन कर दिए जाते हैं दफ़न
कभी विश्व-शांति के नोबेल सम्मान में
तो कभी तुच्छ-अभिमानी आत्मसम्मान में
तब हुई प्राणों की कीमत क्या?
____________________,
जो कहलाएँगे देश-निर्माता.
____________________
विजय पताकाएँ फहराएँगे वे ही
जो राशन, पानी, रोशनी, रोशनदान करेंगे बंद
ध्वस्त करेंगे दुनियाभर में दुनियाभर के पुल
बाधित करेंगे घर से घर की आवाजाही
वे ही फिर-फिर फेंकेंगे आसमान से शांति
बची-खुची फफूँद लगी बासी रोटी के साथ
बाकी का है ही क्या कुछ जो आएँ गिनती में
अज्ञात से प्रारंभ हुआ, अज्ञात पर ही अंत
कितने मरे, कितने घायल, लापता कितने
शामिल किये जाते रहेंगे सिर्फ गिनती में ही
बहुत हुआ तो जनसंख्या रजिस्टर में दर्ज
अंतिम हुआ युद्ध कहते हुए वे आएँगे फिर
युद्ध-बंदियों और युद्ध-पीड़ितों के बीच यहीं
मुस्कुराते हुए, मरहम बाँटते, बाँसुरी बजाते
दृश्य-अदृश्य में भी होंगे वे ही, वे ही
जो कहलाएँगे देश-निर्माता.
____________________






