चार्वी मानिकपुरी
ब्राइटन इंटरनेशनल स्कूल,
रायपुर (छत्तीसगढ़)
(नया अध्याय, देहरादून)
पौराणिक कहानियों का महत्व: केवल कथा नहीं, जीवन का मार्गदर्शन।
माइथोलॉजी में छिपा है संस्कृति, नैतिकता और जीवन जीने का सार।
2
क्या पौराणिक कहानियाँ सिर्फ छोटी-मोटी कहानियाँ और नैतिक सीख भर हैं? यदि ऐसा लगता है, तो यह धारणा अधूरी है। माइथोलॉजी अपने भीतर ऐसी गहराई समेटे हुए है, जो आज भी समाज को दिशा देती है। कुछ लोग इन्हें सत्य घटनाएँ मानते हैं, तो कुछ केवल कल्पना—लेकिन इनका प्रभाव निर्विवाद है।
पौराणिक कथाओं का स्वरूप और सांस्कृतिक महत्व
पौराणिक कहानियाँ इतिहास, संस्कृति और नैतिक मूल्यों का संगम हैं। ये पीढ़ी दर पीढ़ी चली आ रही कथाएँ, नाटकों और लोक परंपराओं के रूप में हमारे समाज में जीवित हैं। सरल शब्दों में, ये हमारे सांस्कृतिक धरोहर का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं, जो हमें जीवन के मूल सिद्धांत सिखाती हैं।
रामायण, महाभारत और अन्य ग्रंथों की प्रासंगिकता
यदि हम रामायण, पंचतंत्र और महाभारत जैसे ग्रंथों को देखें, तो इनमें वर्णित पात्र और स्थान आज भी लोगों की आस्था का केंद्र हैं।
भगवान श्रीराम को मर्यादा पुरुषोत्तम और माता सीता को त्याग व स्वाभिमान का प्रतीक माना जाता है। वहीं श्रीकृष्ण की लीला और राधा का प्रेम मानव भावनाओं की गहराई को दर्शाता है।
इन ग्रंथों ने हमें सत्य, धर्म और कर्तव्य का महत्व समझाया है। भगवद गीता जैसे ग्रंथ आज भी लोगों को मानसिक शांति और जीवन का मार्गदर्शन प्रदान करते हैं।
शिक्षा और प्रेरणा का स्रोत
पौराणिक कहानियाँ केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि जीवन का ज्ञान देती हैं।
जैसे पंचतंत्र की शेर और खरगोश की कहानी हमें सिखाती है कि बुद्धि, बल से श्रेष्ठ होती है। एक छोटा-सा खरगोश अपनी चतुराई से शक्तिशाली शेर को पराजित कर देता है—यह संदेश आज के जीवन में भी उतना ही प्रासंगिक है।
जीवन दृष्टिकोण में परिवर्तन
श्रीराम का जीवन हमें सिखाता है कि कठिनाइयों से घबराना नहीं चाहिए। यदि वे चुनौतियों से डरते, तो क्या वे आदर्श बन पाते?
इसी प्रकार, श्रीकृष्ण का उपदेश—
“कर्म करो, फल की चिंता मत करो”
हमें कर्मप्रधान जीवन जीने की प्रेरणा देता है।
पौराणिक कहानियों को केवल मनोरंजन का साधन समझना उचित नहीं है। ये कथाएँ हमें जीवन का मूल्य, नैतिकता और सही मार्ग चुनने की प्रेरणा देती हैं।
इसलिए, इन्हें पढ़ें, समझें और अपने जीवन में उतारें—क्योंकि यही कहानियाँ हमें बेहतर इंसान बनने की राह दिखाती हैं।






